Ram Temple
Ram Temple
अयोध्या राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और निर्माण समिति की बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में श्रीराम जन्मभूमि परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, लंबित कार्यों और निर्माण एजेंसियों के भुगतान समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई.
30 सितंबर से अधिकांश निर्माण होगा पूरा- नृपेंद्र
बैठक के बाद नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि 30 सितंबर तक राम मंदिर परिसर के अधिकांश निर्माण कार्य पूरे होने की उम्मीद है. वहीं, निर्माण कार्य में लगी प्रमुख एजेंसियों एलएंडटी और टाटा के कर्मचारी 30 अक्टूबर तक निर्माण स्थल से हट जाएंगे. इसके बाद परिसर में मुख्य रूप से ऑडिटोरियम और संग्रहालय से जुड़े कार्य जारी रहेंगे.
20 गैलरियां बनाई जा रही हैं-
राम मंदिर परिसर में निर्माणाधीन संग्रहालय में कुल 20 गैलरियां बनाई जा रही हैं. इन गैलरियों में आधुनिक तकनीक और इमर्सिव टेक्नोलॉजी के जरिए भगवान राम के जीवन, रामायण और मंदिर से जुड़े प्रसंगों को श्रद्धालुओं के लिए जीवंत रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है.
गैलरी नंबर-7 में अनोखी व्यवस्था-
संग्रहालय की गैलरी नंबर-7 में इमर्सिव टेक्नोलॉजी के माध्यम से मंदिर परिसर के दिव्य और भव्य स्वरूप का अनुभव कराने की योजना है. वहीं गैलरी नंबर-17 में भगवान राम के वनगमन और नदियों से जुड़े प्रसंगों को अत्याधुनिक तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा. संग्रहालय के निर्माण और तकनीकी विकास में आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों का तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है.
बाउंड्री वॉल की निर्माण कार्य तेजी से चल रहा-
राम मंदिर परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है. इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि, इसके बाद सुरक्षा उपकरणों की स्थापना में करीब दो महीने का अतिरिक्त समय लगने की संभावना है.
बैठक में एलएंडटी, टाटा, सोमपुरा समेत विभिन्न निर्माण एजेंसियों के भुगतान और उनके स्तर पर लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गई. भवन निर्माण समिति का प्रयास है कि साल के अंत तक निर्माण से संबंधित कोई प्रमुख कार्य अधूरा न रहे.
राम मंदिर परिसर को अंतिम रूप देने के साथ अब निर्माण कार्यों के साथ-साथ संग्रहालय, ऑडिटोरियम, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: