Maas Festival to be Celebrated in ayodhya
Maas Festival to be Celebrated in ayodhya
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर भक्ति, अध्यात्म और सनातन संस्कृति के रंग में रंगने जा रही है. बड़ा भक्तमाल की बगिया स्थित श्री झालरिया मठ में 28 मई से 3 जून तक भव्य श्री पुरुषोत्तम मास महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. विश्व शांति, राष्ट्र समृद्धि और जनकल्याण की कामना को समर्पित इस सात दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
225 कुंडीय महालक्ष्मी महायज्ञ होगा आकर्षण का केंद्र
जगद्गुरु झालरिया पीठाधिपति घनश्यामाचार्य के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में 225 कुंडीय श्री महालक्ष्मी महायज्ञ मुख्य आकर्षण रहेगा. इसके अलावा श्रीमद् भागवत कथा, 108 श्रीमद्भागवत पाठ, श्री कल्याणोत्सव, सहस्र कलशाभिषेक और लक्षार्चना महोत्सव जैसे कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश देना है.
श्रीमद्भागवत कथा में सुनाए जाएंगे प्रेरणादायक प्रसंग
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा. कथा में ध्रुव चरित्र, नरसिंह अवतार, श्रीरामावतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गिरिराज धरण लीला, रास पंचाध्यायी, सुदामा चरित्र और परीक्षित मोक्ष जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा. कथा वाचक युवराज द्वारा किया जाएगा.
देश-विदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु
आयोजकों के मुताबिक तेलंगाना, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों और विदेशों से भी मारवाड़ी समाज के श्रद्धालु इस महोत्सव में शामिल होंगे. समिति ने बताया कि पुरुषोत्तम मास महोत्सव की परंपरा लगभग 300 वर्ष पुरानी है. इससे पहले तिरुपति, बद्रीनाथ और चित्रकूट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी इसका आयोजन किया जा चुका है.
श्रद्धालुओं के लिए 4000 कमरों की व्यवस्था
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या धार्मिक आयोजनों का बड़ा केंद्र बनकर उभरी है. शहर में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बाहर से आने वाले भक्तों के लिए करीब 4000 कमरों की व्यवस्था आरक्षित की गई है. आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से पहले से सूचना देकर आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है. इस दौरान राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी, संजय शारडा, सुबोध काकानी, महेंद्र सिंह और नितेश शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
रिपोर्टर: मयंक शुक्ला
ये भी पढ़ें: