scorecardresearch

Ram Temple: राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा बड़ा प्लान, हर भक्त 3D तकनीक से कर पाएंगे 14 मंदिरों के दर्शन

अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि उनको मुख्य मंदिर समेत 14 मंदिरों के दर्शन हो सके. इसके लिए मंदिर परिसर में बन रहे भव्य संग्रहालय में एक प्रमुख गैलरी होगी. जिसके लिए अत्याधुनिक 3D तकनीक से वीडियो तैयार किया जाएगा. जिसमें मुख्य मंदिर समेत परिसर के सभी 14 मंदिरों के पूजन, श्रृंगार, आरती के दर्शन हो सकेंगे.

Ram Temple (Photo/PTI) Ram Temple (Photo/PTI)

रामनगरी में मंदिर निर्माण से जुड़े कार्य अब अपनी पूर्णता की ओर बढ़ रहे हैं. आने वाले समय में यहां भक्ति, इतिहास और तकनीक का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए कभी नहीं भुला पाने वाला अनुभव होगा. अयोध्या के भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, इसको लेकर राम मंदिर निर्माण समिति बड़ा प्लान तैयार कर रही है.

हर श्रद्धालु को 14 मंदिरों के दर्शन के लिए प्लान-
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर समेत सभी 14 मंदिरों में दर्शन पूजन कर सकें. ऐसी श्रद्धालुओं की इच्छा होना स्वाभाविक है. लेकिन भीड़ के चलते सभी श्रद्धालुओं के लिए ऐसा संभव नहीं हो पाए. तो उनके लिए भी यहां विशेष व्यवस्था की तैयारी चल रही है. इसके लिए मंदिर परिसर में बन रहे भव्य संग्रहालय में एक प्रमुख गैलरी होगी. जिसके लिए अत्याधुनिक 3D तकनीक से वीडियो तैयार किया जाएगा. जिसमें मुख्य मंदिर समेत परिसर के सभी 14 मंदिरों के पूजन, श्रृंगार, आरती के दर्शन हो सकेंगे.

संग्रहालय में 2 विशेष गैलरी-
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर में गर्मी में श्रद्धालुओं को सुविधा देने पर विचार किया जा रहा है. मंदिर परिसर में बन रहे संग्रहालय में आस्था, इतिहास और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा. मंदिर परिसर में बन रहे संग्रहालय में दो विशेष गैलरी भी होगी. जिसमें 500 वर्षों के कानूनी संघर्ष का विवरण होगा.

किस गैलरी में क्या होगा?
एक गैलरी में खुदाई से मिले अवशेषों और प्रमाणों को वैज्ञानिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि ये स्पष्ट हो सके कि इसी स्थल पर प्राचीन मंदिर और इक्ष्वाकु वंश से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत विद्यमान थी. संग्रहालय में एक पुष्पक विमान गैलरी भी देखने को मिलेगी, जहां श्रद्धालु 7D तकनीक के माध्यम से उन पवित्र स्थलों का आभासी दर्शन कर पाएंगे, जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े थे.

साफ है कि मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों के साथ-साथ यहां श्रद्धालुओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को सामान रखने के लिए तीन अलग स्थान बन चुके हैं और अब श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत दिलाने की व्यवस्था पर काम चल रहा है.

(मयंक शुक्ला की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: