scorecardresearch

Char Dham Yatra 2026: चारधाम यात्रा में 3 दिन बाकी, 18 लाख रजिस्ट्रेशन... किन चीजों को लेकर श्रद्धालुओं को बरतनी है सावधानी?

चारधाम यात्रा शुरू होने में सिर्फ 3 दिन का वक्त बचा हुआ है. यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा पर खास जोर दिया जा रहा है. प्रशासन ने यात्रियों के लिए खास हेल्थ एडवाइजरी जारी की है. अब तक 18 लाख रजिस्ट्रेशन हो चुका है. श्रद्धालुओं को हेलिकॉप्टर और होटल बुकिंग के दौरान धोखाधड़ी से बचने की भी सलाह दी है.

Kedarnath and Badrinath temple Kedarnath and Badrinath temple

भक्तों के स्वागत के लिए चारधाम तैयार हैं. हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम हैं और अब 19 तारीख से शुरू हो रहे महामेले में अब भक्तों का इंतजार है. चारधाम के महातीर्थ के लिए भक्तों का उत्साह भी देखने लायक है. 15 अप्रैल शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक चारधाम यात्रा के लिए करीब 18 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं.

किस धाम के लिए कितना रजिस्ट्रेशन?
अब तक केदारनाथ धाम के लिए 5.96 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन किया है, जबकि बदरीनाथ धाम के लिए 5.10 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं. गंगोत्री में 3.06 लाख और यमुनोत्री में करीब 2.98 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है. इसके साथ ही हेमकुंड साहिब के लिए अब तक 16,250 रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए हैं.

श्रद्धालुओं के लिए नहीं हो कोई लिमिट-
भक्तों के इसी उत्साह को देखते हुए राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की संख्या पर किसी भी तरह की कैपिंग यानी सीमा नहीं लगाने का फैसला किया है. इस फैसले से यहां के कारोबारी भी काफी खुश हैं. इनका मानना है कि ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण के साथ दर्शन पर लगी सीमाएं हटने से ज्यादा से ज्यादा संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे और इससे स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा. खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार आला अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं और तैयारियों पर नज़र बनाए हुए हैं.

धोखाधड़ी से बचने की सलाह-
19 तारीख को यमुनोत्री-गंगोत्री, 22 को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे. वहीं, हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खुलेंगे. यात्रा शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या और तेजी से बढ़ेगी, ऐसे में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. तीर्थयात्रियों की सेहत और सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने बाकायदा हेल्थ अलर्ट अभियान शुरू किया है. यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य जांच कराने को कहा है, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी भी तरह के हेल्थ ईश्यू का सामना ना करना पड़े. साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर विंग ने श्रद्धालुओं को धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी है. 

इसके लिए श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है. साथ ही हेलिकॉप्टर टिकट और होटल बुकिंग के लिए भी केवल आधिकारिक वेबसाइट्स का ही यूज करने को कहा गया है. 

प्रशासन पूरी ताकत के साथ चारधाम यात्रा की तैयारियों में जुटा है. आस्था के इस महामेले को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए श्रद्धालुओं से भी अपील की जा रही है कि वो प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी को सुगम दर्शन हो सकें और चारधाम यात्रा का आध्यात्मिक लाभ मिल सके. 

ये भी पढ़ें: