scorecardresearch

Char Dham Yatra 2026: AC वेटिंग हॉल, वॉटर ATM, एयर एंबुलेंस, ड्रोन और CCTV कैमरे से निगरानी... चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम

आस्था के महापर्व चारधाम में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सजग दिखाई दे रही है. तीर्थयात्रियों के लिए AC वेटिंग हॉल और शटल सेवा जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं. वहीं, यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वॉटर एटीएम भी लगाए गए हैं. साथ ही साथ आपातकालीन स्थिति के लिए एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है.

Advertisement
Badrinath Dham (Photo/PTI) Badrinath Dham (Photo/PTI)

उत्तराखंड में आस्था का सबसे बड़ा पर्व चारधाम यात्रा इस बार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ती नजर आ रही है. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच राज्य सरकार और प्रशासन का फोकस सुविधा और सुरक्षा पर है. इसी का नतीजा है कि व्यवस्थाएं लगातार बेहतर होती दिख रही हैं. चारधाम यात्रा के लिए इस बार तैयारियां पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं. परिवहन विभाग ने यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए AC वेटिंग हॉल और शटल सेवा जैसी सुविधाएं मुहैया की हैं, ताकि लंबी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आराम और सुविधा दोनों मिल सके.

जगह-जगह वॉटर ATM की सुविधा-
जगह-जगह वॉटर ATM लगाए गए हैं. साथ ही तीर्थ यात्रियों के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध है, ताकि आपात काल की स्थिति में तुरंत मेडिकल सुविधा मुहैया कराई जा सके. इन इंतजामों के जरिए राज्य सरकार ने ये संदेश देने की कोशिश की है कि यात्रा सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि स्वच्छता और सुव्यवस्था का भी प्रतीक बने. इसी के तहत चारधाम मार्गों और शहरों में साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है. कूड़ा प्रबंधन के लिए अलग व्यवस्था है और प्रवेश द्वारों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. 

स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान-
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन पर खास जोर दिया गया है. सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पानी का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही कंप्रेस्ड बायोगैस और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट्स को तेजी से शुरू करने की दिशा में काम चल रहा है. कूड़ा उठान व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम भी लागू किया जा रहा है.

सीसीटीवी कैमरे से नजर-
बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी प्रशासन की पैनी नजर है. पहाड़ी क्षेत्रों में संकरे रास्तों के बावजूद पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से पहले ही निपटा जा सके. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. हेलीपैड, ट्रैक रूट और प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. कंट्रोल रूम के जरिए पूरी यात्रा पर लगातार नजर बनी हुई है. जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे.

श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर-
चारधाम में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है. हर दिन बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि इस बार यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है. 27 अप्रैल शाम 5 बजे तक करीब 2 लाख 98 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. सिर्फ एक दिन में 59 हजार से ज्यादा यात्री पहुंचे. केदारनाथ धाम में सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई. वहीं बदरीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें: