scorecardresearch

दिल्ली के मिनी बंगाल में दिखेगा दुर्गा पूजा का भव्य नजारा, 51 साल पूरे होने पर CR पार्क का पंडाल बना आकर्षण का केंद्र

मिनी बंगाल के नाम से जाने जाने वाले दिल्ली के चितरंजन पार्क( सीआर पार्क) में नवरात्रों को लेकर जगह-जगह भव्य पंडाल बनाए गए हैं. इस करी में चितरंजन पार्क के मेला ग्राउंड में भव्य उत्सव की तैयारी है और यहां पर चितरंजन पार्क का सबसे बड़ा पंडाल बनाया जाता है.

Advertisement
CR पार्क का सबसे बड़ा पंडाल CR पार्क का सबसे बड़ा पंडाल

दिल्ली के चितरंजन पार्क में दुर्गा पूजा की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं. मिनी बंगाल के नाम से मशहूर इस इलाके में जगह-जगह भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं. इनमें मेला ग्राउंड का पंडाल खास आकर्षण का केंद्र है. इस साल यहां दुर्गा पूजा के 51 साल पूरे हो रहे हैं. पंडाल लगभग तैयार हो चुका है और कारीगर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं. 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.

नॉर्दर्न इंडिया का सबसे बड़ा पंडाल होने का दावा
चितरंजन पार्क के मेला ग्राउंड में हर साल भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है. पूजा समिति का दावा है कि यहां का पंडाल नॉर्दर्न इंडिया के सबसे बड़े पूजा पंडालों में से एक है. समिति के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के बाद यहां दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन होता है. हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं. इस बार भी पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है.

पंडाल में स्थापित हुई मां दुर्गा की प्रतिमा
मेला ग्राउंड में पंडाल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. मां दुर्गा की प्रतिमा भी स्थापित कर दी गई है और कारीगर उसे अंतिम रूप देने में लगे हैं. सजावट से लेकर दूसरी तैयारियों तक, हर काम को समय पर पूरा करने की कोशिश की जा रही है. यहां मुख्य पूजा षष्ठी, सप्तमी, अष्टमी और नवमी तिथि को होगी. इसके बाद विजयदशमी के दिन प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा.
 

काली मंदिर से लेकर बी ब्लॉक तक तैयारियां तेज
चितरंजन पार्क के दूसरे हिस्सों में भी दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं. प्रसिद्ध काली मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. वहीं, कोऑपरेटिव ग्राउंड में जूट की थीम पर पंडाल तैयार किया जा रहा है. बी ब्लॉक में प्रसिद्ध लेखक रवींद्रनाथ टैगोर की थीम पर पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इलाके के अन्य पूजा पंडालों में भी सजावट का काम तेजी से चल रहा है. नवरात्र के दौरान चितरंजन पार्क में भक्ति, बंगाली संस्कृति और उत्सव का खास संगम देखने को मिलता है. भव्य पंडाल, मां दुर्गा की प्रतिमाएं और पूजा की परंपराएं हर साल लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं.

ये भी पढ़ें: