देव दीपावली
देव दीपावली
पंचांग की सबसे पवित्र तिथि कार्तिक पूर्णिमा की मानी जाती है. मान्यता है कि कार्तिक महीने की अमावस्या पर तो पूरा देश दीपक जलाकर दीपावली मनाता है लेकिन दीपावली के 15 दिन बाद कार्तिक महीने की पूर्णिमा को देवता दीपवली मनाते हैं. देव दीपावली पर हर जलाशय पर दीप जलाने की मान्यता है लेकिन इस तिथि पर काशी में गंगा घाटों का नजारा देखते ही बनता है. देवभूमि काशी तो इस भव्य दीपदान की साक्षी सदियों से बनती आई है.
स्वर्ग से आते हैं देवी-देवता
दीपावली और देव दीपावली पर जलाया गया कामना का एक दीपक सुख समृद्धि के साथ साथ मोक्ष दिलाने वाला माना गया है. पौराणिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता पृथ्वी पर आते हैं और गंगा घाट पर दीवाली मनाते हैं. कहा जाता है कि देव दीपावली के दिन की गई पूजा पाठ से भगवान प्रसन्न होते हैं और अपना आशीर्वाद देते हैं. मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता स्वर्ग से गंगा नदी में स्नान के लिए आते हैं इसलिए वाराणसी के गंगा घाट को दीयों से जगमग कर दिया जाता है. देव दीपावली का त्योहार ही वो तिथि है जिसकी वजह से भगवान शिव को त्रिपुरारी नाम मिला.
कार्तिक मास की पूर्णिमा के दिन किया स्नान खास माना जाता है. इस दिन का दान अक्षय फल देता है. ये साल का ऐसा दिन होता है जिस दिन सभी देवी देवताओं को प्रसन्न किया जा सकता है. इस दिन मां लक्ष्मी को प्रसन्न कर विशेष फल पाया जा सकता है. पूर्णिमा के दिन मां लक्ष्मी का पीपल के वृक्ष पर निवास रहता है. इस दिन मीठे जल में दूध मिलाने और पीपल के पेड़ पर चढ़ाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं. इसके अलावा पूर्णिमा पर खीर बनाकर मिश्री और गंगा जल मिलाकर मां लक्ष्मी को भोग लगाने से उनकी कृपा आप पर बरसती है. आज हम आपको कुछ खास वास्तु टिप्स बताएंगे जिनका पालन करने से आपका दान पूर्ण होगा.
1. देव दीपावली के दिन गंगा स्नान कर दीपदान करना बेहद शुभ माना जाता है इस दिन दीपदान करना 10 यज्ञ करने के बराबर माना जाता है.
2. देव दीपावली के दिन तुलसी के पौधे को पीले रंग के कपड़े पहनाने से नौकरी और व्यापार में उन्नति प्राप्त होती है.
3. देव दीपावली के दिन मिट्टी या आटे के दिए बनाकर उसमें 7 लौंग की कलियां डालकर जलाना चाहिए. ऐसा करने से परिवार में खुशहाली बनी रहती है.
4. देव दीपावली पर दीप दान करके पीतरों की कृपा भी पाई जा सकती है.
5. घर के दरवाजे पर आम के पत्तों का तोरण लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है.
6. देव दीपावली के दिन 11 पत्तियों की माला को भगवान विष्णु को चढ़ाना चाहिए.
7. सुख समृद्धि के लिए गोमती चक्र, काली हल्दी, एक सिक्का और कौड़ी लपेटकर तिजोरी में रखना शुभ माना जाता है.