scorecardresearch

कैसे अच्छे होंगे पिता के साथ संबंध.. सम्मान देने से मजबूत होगा सूर्य, जानें उपासना करने का तरीका

ज्योतिष में ग्रहों की रिश्तों के साथ अहम भूमिका होती है. पिता की भूमिका को सूर्य के साथ जोड़ा जाता है. जिस प्रकार सूर्य पूरे संसार का ध्यान रखता है, उसी प्रकार यह भूमिका पिता भी परिवार के लिए निभाता है. ऐसे में कुछ उपाय से पिता के साथ संबंधों को बेहतर किया जा सकता है.

Representative Image (AI) Representative Image (AI)

ज्योतिष में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना गया है. सूर्य ही संसार को प्रकाश, ऊर्जा और जीवन प्रदान करता है. जिस प्रकार सूर्य पूरे जगत का पालन-पोषण करता है, उसी प्रकार पिता भी परिवार के जीवन का आधार होता हैं. पिता संतान को सुरक्षा, मार्गदर्शन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं. यही कारण है कि ज्योतिष में पिता का संबंध सूर्य ग्रह से जोड़ा जाता है. किसी व्यक्ति की कुंडली में सूर्य की स्थिति देखकर पिता से जुड़े कई पहलुओं को समझा जा सकता है.

पिता का हमेशा करें सम्मान

ज्योतिष के अनुसार यदि कोई व्यक्ति अपने पिता का सम्मान नहीं करता या उनके साथ संबंध खराब रखता है, तो इसका प्रभाव उसके सूर्य ग्रह पर पड़ सकता है. माना जाता है कि ऐसे व्यक्ति के जीवन में मान-सम्मान में कमी आने लगती है. कई बार मेहनत करने के बावजूद पहचान नहीं मिलती. इसके अलावा नौकरी और करियर में भी बार-बार मुश्किलें आ सकती हैं.

पिता की इज्जत करने से मिलेगा फल

यदि व्यक्ति अपने पिता का आदर करता है, उनकी बातों का सम्मान करता है और उनके साथ अच्छे संबंध बनाए रखता है, तो ज्योतिष में इसे सूर्य को मजबूत करने वाला माना गया है. ऐसा करने से व्यक्ति को समाज में सम्मान, यश और पहचान प्राप्त हो सकती है. जीवन में आत्मविश्वास बढ़ता है और कार्यक्षेत्र में सफलता मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.

कैसे बढ़ेगा पिता के साथ संबंध?

पिता के प्रति सम्मान और सेवा का भाव रखना सबसे महत्वपूर्ण माना गया है. प्रतिदिन सुबह और शाम उनके चरण स्पर्श करना शुभ माना जाता है. उनके भोजन, वस्त्र और स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए. यदि संभव हो तो उनके साथ समय बिताएं और उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखें. ज्योतिष में यह भी माना जाता है कि पिता द्वारा उपयोग की गई तांबे या सोने की कोई वस्तु अपने पास रखने से पिता और संतान के संबंधों में सकारात्मकता बनी रहती है.

सूर्य की उपासना के आसान उपाय

सूर्य को मजबूत करने के लिए प्रतिदिन सुबह स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें. जल में थोड़ा सा रोली मिलाना शुभ माना जाता है. इसके बाद "ॐ आदित्याय नमः" मंत्र का 108 बार जाप करें. रविवार के दिन गुड़ का दान करना भी लाभकारी माना गया है. साथ ही इस दिन नमक, अदरक और सरसों के तेल के सेवन से बचने की सलाह दी जाती है.