पैसों से हुआ गणपति का श्रृंगार
पैसों से हुआ गणपति का श्रृंगार
दुनियाभर में गणेश महोत्सव की धूम है और अलग-अलग जगहों पर गणपति बप्पा का अनोखे तरीके से श्रृंगार किया जा रहा है. इसी बीच गुजरात के अमरेली जिले के सावरकुंडला में गणपति महोत्सव का एक खास नजारा देखने को मिला. यहां गणपति बप्पा को भारतीय करेंसी के साथ अमेरिकी डॉलर से भी सजाया गया है. इस अनोखे श्रृंगार की वजह से गणपति बप्पा को लखपति के साथ-साथ डॉलरपति भी बनाया गया है.
नोटों से हुआ गणपति बप्पा का श्रृंगार
सावरकुंडला में सद्भावना ग्रुप की ओर से गणपति महोत्सव का आयोजन किया गया है. इस दौरान गणपति बप्पा का बेहद खास श्रृंगार किया गया. इसमें भारतीय करेंसी के 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों का इस्तेमाल किया गया है. इसके साथ अमेरिकी डॉलर भी सजावट का हिस्सा बनाए गए हैं. गणपति बप्पा के मुकुट को 500 रुपये के नोटों से तैयार किया गया है, जबकि 200 रुपये के नोटों से हार बनाया गया है. हाथों और पैरों को भी करेंसी नोटों से आकर्षक तरीके से सजाया गया है. इस खास सजावट को तैयार करने के लिए कार्यकर्ताओं ने दो से तीन दिन तक मेहनत की. हालांकि, इसकी पूरी तैयारी करीब एक महीने पहले से ही शुरू कर दी गई थी.
पूरे आकर्षक फ्लोट में करीब 25 लाख रुपये की करेंसी से गणपति बप्पा का श्रृंगार किया गया है. इस अनोखे रूप को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. गणपति बप्पा के इस खास श्रृंगार को देखकर श्रद्धालु भी इसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं.
15 साल पहले 5 लाख की करेंसी से शुरू हुई थी सजावट
सद्भावना ग्रुप पिछले करीब 20 वर्षों से गणपति महोत्सव का आयोजन कर रहा है. आयोजकों के मुताबिक, करीब 15 साल पहले पहली बार 5 लाख रुपये की करेंसी नोटों से गणपति बप्पा का श्रृंगार किया गया था. इसके बाद हर साल इस सजावट में करेंसी नोटों की संख्या बढ़ती गई. अब करीब 25 लाख रुपये की करेंसी से गणपति बप्पा को सजाया गया है. इस बार भारतीय करेंसी के साथ अमेरिकी डॉलर को भी इसमें शामिल किया गया है. आयोजकों के अनुसार, इस तरह की सजावट पहली बार की गई है.
हर श्रद्धालु के लखपति बनने की कामना
जिस तरह गणपति बप्पा को लखपति बनाया गया है, उसी तरह श्रद्धालु भी कामना कर रहे हैं कि हर व्यक्ति सुख-समृद्धि से संपन्न हो. सद्भावना ग्रुप के आयोजक राजू नाग्रेचा ने बताया कि पूरी टीम के सहयोग और मेहनत से गणपति बप्पा को लखपति के साथ डॉलरपति बनाने का अवसर मिला है. गणपति बप्पा के इस अनोखे स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. लोग कामना कर रहे हैं कि जिस तरह बप्पा को लखपति बनाया गया है, उसी तरह देश का हर नागरिक सुख-समृद्धि से संपन्न हो और भारत की उज्ज्वल उम्मीदें भी साकार हों.
ये भी पढ़ें