Hanuman Jayanti 2026
Hanuman Jayanti 2026
हनुमान जी का प्राकट्य चैत्र शुक्ल पूर्णिमा को हुआ था. कुछ लोग मानते हैं कि इनका अवतरण छोटी दीपावली को हुआ था. हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान जी की विशेष पूजा उपासना करने का प्रावधान है. ऐसा करके हम अपने जीवन में आने वाली तमाम बाधाओं को दूर कर सकते हैं.
इस दिन विशेष तरह के प्रयोगों से हम ग्रहों को भी शांत कर सकते हैं. शिक्षा, विवाह के मामले में सफलता और कर्ज-मुकदमे से मुक्ति के लिए यह दिन अति विशेष होता है. इस साल 2 अप्रैल को हनुमान जयंती है. गुरुवार को सुबह 6 बजकर 10 मिनट से लेकर सुबह 7 बजकर 44 मिनट तक पूजा के लिए सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त है. इसके बाद शाम को 6 बजकर 39 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 6 मिनट तक पूजा का दूसरा मुहूर्त है. हनुमान जयंती का पूजन अभिजीत मुहूर्त में सबसे विशेष होता है. दोपहर 12 बजे से लेकर दोपहर 12 बजकर 50 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त रहने वाला है.
कैसे करें हनुमान जी की पूजा
हनुमान जी की पूजा अभिजित मुहूर्त में करें. उत्तर-पूर्व दिशा में चौकी पर लाल कपडा रखें. हनुमान जी के साथ श्री राम जी के चित्र की स्थापना करें. हनुमान जी को लाल और राम जी को पीले फूल अर्पित करें. लड्डुओं के साथ साथ तुलसी दल भी अर्पित करें. पहले श्री राम के मंत्र ॐ राम रामाय नमः का जाप करें. फिर हनुमान जी के मंत्र ॐ हं हनुमते नमः का जाप करें. मध्य दोपहर को हनुमान जी की पूजा करें. हनुमान जी को तुलसी की माला अर्पित करें. इसके बाद संकटमोचन हनुमानाष्टक का पाठ करें.
हनुमान जन्मोत्सव पर हर राशि के लिए किए जाने वाले उपाय
मेष राशि: हनुमान जी को लाल फूल अर्पित करें. इससे स्वास्थ्य और करियर में सुधार होगा साथ ही साढ़ेसाती के कष्ट कम होंगे.
वृष राशि: हनुमान जी को खीर समर्पित करें. इससे पारिवारिक जीवन की बाधाएं दूर होंगी.
मिथुन राशि: हनुमान जी को इलाइची समर्पित करें. इससे धन और संपत्ति की समस्याएं दूर होंगी.
कर्क राशि: हनुमान जी को बूंदी चढ़ाएं. इससे रोजगार की बाधाएं समाप्त होंगी.
सिंह राशि: हनुमान जी को सिन्दूर अर्पित करें. इससे दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य की समस्याओं से रक्षा होगी. ढैया का दुष्प्रभाव कम होगा.
कन्या राशि: हनुमान जी को तुलसी दल अर्पित करें. इससे आर्थिक समस्याएं हल होंगी.
तुला राशि: हनुमान जी को मिसरी का भोग लगाएं. इससे समय के सही प्रयोग से लाभ होगा.
वृश्चिक राशि: हनुमान जी को बूंदी चढ़ाएं. इससे करियर और धन सम्बन्धी समस्याएं हल होंगी.
धनु राशि: हनुमान जी को लाल वस्त्र अर्पित करें. इससे करियर तथा जीवन की रुकावट दूर होगी. साथ ही ढैया का कष्ट कम होगा.
मकर राशि: हनुमान जी को लाल फूल अर्पित करें. इससे करियर की समस्या और उतार चढ़ाव से रक्षा होगी.
कुम्भ राशि: हनुमान जी के समक्ष दीपक जलाएं और आरती करें. इससे स्वास्थ्य तथा आर्थिक स्थिति में सुधार होगा. साथ ही उतरती साढ़े साती के कष्ट कम होंगे.
मीन राशि: हनुमान जी को खीर अर्पित करें. इससे पारिवारिक जीवन की बाधाएं दूर होंगी. साथ ही साढ़े साती का असर कम होगा.