Char Dham Yatra Registration
Char Dham Yatra Registration
चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होने जा रही है. इससे पहले ही हरिद्वार में यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 17 अप्रैल से हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में शुरू की जाएगी. प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
24 घंटे होगा रजिस्ट्रेशन
ऋषिकुल मैदान में एक विशाल पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है, जहां 20 काउंटर बनाए गए हैं. इन काउंटरों पर 24 घंटे तीन शिफ्ट में पंजीकरण कार्य किया जाएगा. सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, फिर 2 बजे से रात 10 बजे तक और रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे. यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बैठने, पीने के पानी और गर्मी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि प्रशासन का पूरा प्रयास है कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को जरूरी नहीं है कि वे केवल पंजीकरण केंद्र पर ही आएं. होटल या धर्मशाला में ठहरने वाले बड़े समूहों के लिए मोबाइल टीम की व्यवस्था की गई है, जो मौके पर पहुंचकर उनका पंजीकरण करेगी.
इन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत
पंजीकरण के लिए यात्रियों को पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि साथ रखना अनिवार्य होगा. इसके अलावा एक मोबाइल नंबर देना भी जरूरी होगा, जो परिवार के किसी सदस्य का हो.
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस विभाग ने 7 अस्थाई चौकियां और 10 टूरिस्ट पुलिस केंद्र स्थापित किए हैं. इन केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मी यात्रियों को मार्गदर्शन देने के साथ उनकी सहायता भी करेंगे.
यात्रा के दौरान होगी बेहतर व्यवस्थाएं
वाटर रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की एक टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं. इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है. वीकेंड और पर्वों के दौरान विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा ताकि जाम की स्थिति न बने.
प्रशासन ने पार्किंग स्थलों को भी बेहतर बनाया है. वहां लाइटिंग, टॉयलेट और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की गई है. अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक के कुछ बॉटलनेक पॉइंट्स को चिन्हित कर उनमें सुधार किया गया है और बाकी पर काम जारी है.
जिलाधिकारी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों का कहना है कि इस बार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं. प्रशासन ने सभी यात्रियों का हरिद्वार आगमन पर स्वागत करते हुए अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराकर ही यात्रा पर जाएं.
रिपोर्टर: मुदित कुमार अग्रवाल
ये भी पढ़ें: