scorecardresearch

How to Get Rid of Holi Colours: होली पर रंगों से ऐसे रखें अपनी त्वचा का ख्याल... स्किन नहीं होगी खराब... चुटकियों में कलर छूट जाएगा

Holi Stubborn Color Remedies: होली रंगों का त्योहार है. इस दिन लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल और रंग लगाते हैं लेकिन रंग खेलते समय अपनी त्वचा का भी विशेष ख्याल रखने की जरूरत होती है. आपकी जरा सी लपरवाही स्किन को खराब कर सकती है. आइए जानते हैं होली पर रंग खेलने के दौरान किन बातों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है.

Holi 2026 Holi 2026

होली पूरे देश में 4 मार्च दिन बुधवार को धूमधाम से मनाई जा रही है. सुबह से ही लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल और रंग लगा रहे हैं.  होली का रंग खेलते समय अपनी त्वचा का भी विशेष ख्याल रखने की जरूरत होती है क्योंकि आपकी जरा सी लपरवाही स्किन को खराब कर सकती है. आइए जानते हैं होली पर रंग खेलने के दौरान किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है. 

आजकल बाजार में मिलने वाले सस्ते और चमकीले रंगों में खतरनाक केमिकल और सिंथेटिक मिली होती है. इन रंगों के इस्तेमाल करने से शरीर पर एलर्जी, जलन, रेशेज और फंगल इंफेक्शन होने की संभावना बनी रहती है. बच्चों और बुजुर्गों को इन रंगों से विशेष ध्यान रखने कि जरूरत होती है क्योंकि इनकी त्वचा काफी संवेदनशील होती है. ध्यान रखें रंग खेलने के दौरान हमेशा प्राकृतिक और हर्बल रंगों का ही इस्तेमाल करें. इससे त्वचा को कोई नुकसान नहीं होता है. सस्ते व बहुत अधिक मैटेलिक और चमकीले रंगों से होली खेलने से बचें. रंग यदि हाथ में लेने पर खुरदुरा या किरकिरा लगे तो ऐसे रंग का उपयोग न करें. सूखे रंगों का इस्तेमाल गीले रंगों से अच्छा होता है क्योंकि सूखे रंग त्वचा पर कम चिपकती है और इन्हें साफ करना भी आसान होता है. 

होली का रंग खेलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान 
1. स्किन पर तेल या मॉइश्चराइजर लगाएं:
होली महापर्व पर रंग खेलने से एक से डेढ़ घंटे पहले स्किन पर नारियल का तेल या मॉइश्चराइजर अच्छे से लगा लेना चाहिए. ऐसा करने से स्किन पर एक सुरक्षा परत बन जाती है. यह सुरक्षा परत रंग को सीधे स्किन में पहुंचने नहीं देती. इससे त्वचा बहुत हद तक सुरक्षित रहती है.

2. शेविंग, फेशियल और वैक्सिंग से बचें: होली पर्व पर रंग खेलने से एक घंटे पहले कोई स्किन ट्रीटमेंट नहीं करवाना चाहिए. शेविंग, फेशियल और वैक्सिंग से भी बचना चाहिए क्योंकि ऐसा करने से स्किन संवेदनशील हो जाती है और रंगों के रसायन त्वचा पर जलन पैदा कर सकते हैं. आपने यदि किसी प्रकार का स्किन ट्रीटमेंट करवाया है तो आपको रंग नहीं खेलना चाहिए.

3. गुलार-रंग इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें: होली पर रंग या गुलाल खेलने से 24 घंटे पहले पैच टेस्ट जरूर करें. आप अपने हाथ के अंदरूनी हिस्सा या कान के पीछे थोड़ा रंग लगाकर करीब आधे घंटे देखें. यदि किसी प्रकार की जलन खुजली या लालिमा प्रतीत हो तो इस रंग का उपयोग न करें. 

4. बालों का भी रखें ध्यान: होली पर बालों का भी ध्यान रखने की जरूरत होती है. कई बार होली खेलने के दौरान रंग स्कैल्प में पहुंच जाता है. इससे हेयर स्कैल्प में खुजली होने की संभावना बढ़ जाती है. होली खेलने से पहले बालों में तेल लगाएं. हेयर लाइन पर वैसलीन आदि लगा सकते हैं ताकि रंग स्कैल्प में न जा सके. यदि संभव हो तो टोपी पहने ताकि रंग सीधे बालों और स्कैल्प में न पहुंचे.

ऐसे तुरंत छूट जाएगा होली का रंग
1. सरसों तेल और नींबू: होली के रंग को छुड़ाने के लिए आप सरसों तेल और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं. सरसों तेल में आधा नींबू निचोड़ लें. फिर इस मिश्रण को रंग वाली जगह पर हल्के हाथों से मसाज करें. स्किन से रंग छूट जाएगा. 

2. बेसन और दही का उबटन: होली के रंग को छुड़ाने के लिए आप बेसन और दही के उबटन का इस्तेमाल कर सकते हैं. दो चम्मच बेसन में थोड़ा सा दही और चुटकी भर हल्दी मिलाने के बाद इस पेस्ट को चेहरे पर लगा लें. यह जब सूखने लगे तो हल्के हाथ से रगड़ें. कोई भी रंग छूट जाएगा.

3. मुल्तानी मिट्टी: होली के रंग को छुड़ाने के लिए आप मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल कर सकते हैं. मुल्तानी मिट्टी को गुलाब जल के साथ मिलाकर लगाने से रंग की परतें अपने आप सूखकर हटने लगती हैं.

4. खीरे का रस और शहद: होली के रंग को छुड़ाने के लिए आप खीरे का रस और शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं. खीरे का रस निकालकर उसमें थोड़ा सा शहद मिलाएं. इसे रुई की मदद से चेहरे पर लगाएं. इससे स्किन पर लगा रंग छूट जाएगा. 

होली का रंग हटाते समय इन बातों का रखें ध्यान 
1. होली का रंग हटाने के लिए शरीर पर अत्यधिक साबुन या डिटर्जेंट का उपयोग न करें. 
2. गुनगुने पानी और माइल्ड क्लींजर से रंग को धीरे-धीरे साफ करें.
3. रंग को हटाने के लिए स्किन को जोर-जोर से न रगड़ें. 
4. गीले और रंग लगे कपड़े को तुरंत चेंज कर लें ताकि फंगल इंफेक्शन न हो. 
5. ऐसे लोग जिन्हें एग्जिमा, सोरायसिस या पुरानी एलर्जी की समस्या है, ऐसे लोगों को रंग खेलते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है.