scorecardresearch

झांसी में धूमधाम से मनाया गया महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस, भव्य शोभायात्रा में दिखीं राम-सीता और लव-कुश की झांकियां

भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर वीरांगना नगरी झांसी में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस पावन अवसर पर नगर निगम परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के स्वरूप के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं.

Advertisement
A surge of devotion on Maharshi Valmiki Jayanti A surge of devotion on Maharshi Valmiki Jayanti

उत्तर प्रदेश के झांसी में महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस मौके पर नगर निगम परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और लव-कुश की आकर्षक झांकियां देखने को मिलीं. पूरे रास्ते श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया. बैंड-बाजे की धुन पर भक्तों का उत्साह देखते ही बना.

नगर निगम परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा
महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर झांसी में नगर निगम परिसर से शोभायात्रा की शुरुआत हुई. यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली. इसमें महर्षि वाल्मीकि जी के स्वरूप के साथ कई देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं. शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए. यात्रा इलाइट चौराहा, दीपक डेयरी, झोकन बाग, गोविंद चौराहा, सैंयर गेट, मानिक चौक और बड़ा बाजार होते हुए तहसील पहुंची. इसके बाद शोभायात्रा वापस नगर निगम परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.


राम-सीता और लव-कुश की झांकियों ने खींचा ध्यान
शोभायात्रा में रथ पर विराजमान महर्षि वाल्मीकि जी का स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा. उनके साथ नारद मुनि के स्वरूप ने भी लोगों का ध्यान खींचा. भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी, भगवान हनुमान और लव-कुश की मनमोहक झांकियों ने धार्मिक माहौल को और खास बना दिया. शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया. झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्सुक नजर आए. बैंड-बाजे की धुन के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह से इस आयोजन में हिस्सा लिया.

महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को किया याद
शोभायात्रा में शामिल समिति सदस्य बंटी करोसिया ने बताया कि झांसी में महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. इस मौके पर निकाली गई शोभायात्रा में कई धार्मिक झांकियां शामिल हुईं. महर्षि वाल्मीकि जी को रामायण के रचयिता के रूप में जाना जाता है. उनका जीवन और उनकी रचनाएं समाज को ज्ञान, अच्छे विचारों और आदर्शों की प्रेरणा देती हैं. झांसी में निकाली गई इस शोभायात्रा के जरिए श्रद्धालुओं ने उनके प्रति अपनी आस्था प्रकट की. पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला.

ये भी पढ़ें: