scorecardresearch

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले में टूटा 50 वर्षों का रिकॉर्ड, भारी भीड़ के बीच सफल समापन पर मंदिर समिति ने जताया आभार

उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में आयोजित स्थापना वर्ष मेला-2026 के ऐतिहासिक और सफल समापन पर हुआ. इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले 50 वर्षों के सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.

कैंची धाम कैंची धाम

नैनीताल स्थित कैंची धाम में आयोजित स्थापना वर्ष मेला-2026 का शांतिपूर्ण और सफल समापन हो गया. इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़ दिए. मेले के समापन पर श्री कैंची मंदिर समिति और मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा नैनीताल पुलिस का विशेष आभार व्यक्त किया. आयोजन समिति के अनुसार भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं पूरी तरह नियंत्रित और सुचारू रहीं.

50 सालों में सबसे भव्य आयोजन
श्री कैंची मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा और प्रबंधक प्रदीप साह ने कहा कि वे पिछले 50 वर्षों से कैंची धाम की सेवा से जुड़े हैं, लेकिन अपने जीवन में इतना भव्य, ऐतिहासिक और चमत्कारिक मेला पहली बार देखा है. उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षा से कहीं अधिक रही, फिर भी प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई.

मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहे. जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहे. मंदिर के कपाट खुलने से लेकर मेला समाप्त होने तक दोनों अधिकारी कैंची धाम परिसर में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी.

भीड़ को देख बढ़ा मंदिर का समय
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने दर्शन और कपाट खुलने का समय एक घंटे तक बढ़ाया. इसका लाभ दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को मिला. समिति का कहना है कि इस निर्णय से कतार के अंतिम छोर पर खड़े श्रद्धालु भी बाबा नीब करौरी के सुगम दर्शन कर सके.

आयोजन समिति ने कहा कि मेले के सफल आयोजन में राज्य सरकार का अभूतपूर्व सहयोग मिला. कुमाऊं कमिश्नर, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल समेत पुलिस और प्रशासन के सभी विभागों ने समन्वय के साथ कार्य कर इस चुनौतीपूर्ण आयोजन को बड़ी सफलता में बदल दिया. मेला समापन पर श्रद्धालुओं ने "नीब करौरी बाबा की जय" के उद्घोष के साथ अपनी खुशी और संतोष व्यक्त किया.
(रिपोर्ट- लीला सिंह)

ये भी पढ़ें