Munger Diwali Celebration
Munger Diwali Celebration
बिहार के मुंगेर जिले का कल्याणपुर इस बार छोटी दिवाली पर रोशनी के एक बड़े उत्सव का गवाह बनने जा रहा है. यहां 7 नवंबर को 'एक दीया मां के नाम' कार्यक्रम के तहत 11 लाख 11 हजार 111 दीपक जलाए जाएंगे. अयोध्या की तर्ज पर होने वाले इस दीपोत्सव में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे और कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. हजारों लोगों के इस आयोजन में शामिल होने की उम्मीद है. गांव में इसकी तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से शुरू हो चुकी हैं. कहीं मैदान की सफाई हो रही है तो कहीं दीपक सजाए जा रहे हैं.
5 हजार दीयों से शुरू हुआ था आयोजन
आयोजन समिति के सदस्य डॉ. नीतिश चंद्र दुबे ने बताया कि कल्याणपुर में इस दीपोत्सव की शुरुआत महज 5 हजार दीयों से हुई थी. धीरे-धीरे इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती गई और इस साल दीपकों की संख्या 11 लाख 11 हजार 111 तक पहुंच गई है. इस बार 'मां के नाम एक दीया' जलाने का संकल्प लिया गया है. इसके तहत क्षेत्र के लोग अपने घरों से दीपक लेकर आएंगे और उन्हें आयोजन स्थल पर जलाएंगे. दुबे के मुताबिक, इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत गांव के लोगों की श्रद्धा और उनका सहयोग है. कल्याणपुर बड़ी दुर्गा महारानी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है. यही वजह है कि हर साल यह आयोजन पहले से ज्यादा भव्य होता जा रहा है.
40 हजार लीटर से ज्यादा तेल और घी से जलेंगे दीपक
इस विशाल दीपोत्सव के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. आयोजन में 40 हजार लीटर से अधिक तिल का तेल, शुद्ध घी और रुई का इस्तेमाल किया जाएगा. मुंगेर और आसपास के जिलों से दीपक मंगवाए जा रहे हैं. समिति के सदस्य और ग्रामीण मिलकर दीपों को सजाने में जुटे हैं. आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है. इससे स्थानीय कुम्हारों और दीये बनाने वाले लोगों को भी रोजगार मिलता है. साथ ही गांव में स्वच्छता और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है.
गंगा महाआरती के साथ होगी खास आतिशबाजी
दीपोत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए गंगा महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा. इसके अलावा गंगा किनारे भव्य आतिशबाजी होगी. इसके लिए दिल्ली से विशेष टीम बुलाई जा रही है. डॉ. दुबे ने बताया कि इस बार आतिशबाजी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले बड़े आयोजनों की थीम पर की जाएगी. इसके लिए खास तैयारियां की जा रही हैं. आयोजकों को उम्मीद है कि दीपों की रोशनी और गंगा किनारे होने वाली आतिशबाजी देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचेंगे.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. डीएम निखिल धनराज निप्पणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं, आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों को जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: