Munger Unique Pandal
Munger Unique Pandal
बिहार के मुंगेर में दुर्गा पूजा की तैयारी अंतिम चरण में है. लेकिन कल्याणपुर में बन रहा बड़ी दुर्गा महारानी का पंडाल इस बार पूरे बिहार में चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है. हर वर्ष की भांति इस बार भी यहां 170 फीट ऊंचा मलेशिया के प्रसिद्ध ट्विन टावर जैसा पंडाल बनाया जा रहा है तो वहीं ब्रिटिश संसद की थीम पर बने विक्टोरिया हाउस में भोलेनाथ विराजमान होंगे.
खास होगी सजावट-
इस बार सजावट की थीम झरना और घंटी होगा, जिसमें पूरी गली झरने और घंटी की आवाज से गूंजेगी. इस भव्य पंडाल को झारखंड से आए 75 मुस्लिम कारीगर पूरी निष्ठा के साथ बना रहे हैं. कल्याणपुर पूजा समिति इस साल 22 अंतर्राष्ट्रीय थीम को पंडाल के माध्यम से उतरने की कोशिश में लगी है जिसकी चर्चा जोर-जोर से हो रही है.
मलेशिया के ट्विन टावर की थीम पर पंडाल-
मुख्य पंडाल मलेशिया के विश्व प्रसिद्ध पेट्रोनस ट्विन टावर की थीम पर बनाया जा रहा है. इसकी ऊंचाई 170 फीट और चौड़ाई करीब डेढ़ सौ फीट है. दूर से देखने से लगेगा कि जैसे असली ट्विन टावर ही कल्याणपुर में खड़ा हो रहा है. पंडाल निर्माण में इस बार 50 हज़ार से अधिक बांस, सैकड़ो थान कपड़ा ,रस्सी और कांटी का इस्तेमाल हो रहा है. बांस के मजबूत स्ट्रक्चर पर कपड़े और थर्माकोल से टावर का डिजाइन और बीच का स्काई ब्रिज तैयार किया जा रहा है. इस पूरे निर्माण को आकर दे रहे झारखंड के गिरिडीह से आए 75 मुस्लिम कारीगर ने बताया कि पिछले ढाई महीने से यही रहकर दिन-रात इस पंडाल के निर्माण में लगे हुए हैं.
12 साल से बना रहे पंडाल- कारीगर
कारीगरों ने कहा कि हम सभी मुस्लिम जरूर है. लेकिन कल्याणपुर में 12 वर्षों से आकर अलग-अलग थीम के पंडाल का निर्माण कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि हम लोग उतना पढ़े लिखे नहीं है. लेकिन हम लोगों को जो फोटो दिया जाता है, उसे अपनी मेहनत और कला के जरिए जमीन पर उतारने की कोशिश करते हैं. इस पंडाल के निर्माण में हम बस कपड़ा रस्सी और कांति से इस ट्विन टावर को बना रहे हैं, जो 180 फीट लंबा और करीब डेढ़ सौ फीट चौड़ा है. उन्होंने बताया कि पंडाल का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है अब इसमें कपड़ा और अन्य कर शुरू कर दिए जाएंगे और पूरी तरह बन जाने के बाद इसका लुप्त मेला में आने वाले श्रद्धालु उठा सकते हैं.
हर साल अलग तरह का होता है पंडाल- आयोजनकर्ता
आयोजनकर्ता डॉक्टर नीतिश चंद्र दुबे ने कहा कि हम अलग-अलग देश में सम्मेलन करने जाते हैं और इस बार हमारा सम्मेलन ब्रिटिश पार्लियामेंट में था. इसके अलावा हम मलेशिया भी गए थे, जहां पर हमने ट्विन टावर को देखा और तभी सोचा कि हमारे गांव के लोग मलेशिया तो नहीं जा सकते हैं. वही अनुभूति उन्हें अपने गांव में ही दें. इसके पहले कल्याणपुर में बुर्ज खलीफा, थाईलैंड का अरुण मंदिर, जयपुर का हवामहल सहित अन्य पंडाल का निर्माण यहां हो चुका है और इस बार ब्रिटेन के पार्लियामेंट के स्वरूप वाला पंडाल भी बन रहा है. जिसमें भोलेनाथ विराजमान रहेंगे. उन्होंने बताया कि इस बार सजावट की थीम भी अलग है. जिसमें सजावट का थीम झरना होगा और पूरी गली झरने की आवाज से गूंजेगी. वहीं, पूरे परिसर में करीब दस हजार घंटी लगाया जाएगा. जिससे दिव्य वातावरण बना रहेगा. इसके अलावा लेजर लाइट का भी आयोजन किया जाएगा.
भोजपुरी स्टार भी करेंगे कार्यक्रम- आयोजनकर्ता
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर अष्टमी के दिन भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह, नवमी को लोक गायक भरत शर्मा और प्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि विजयदशमी को बॉलीवुड के मशहूर गायक शब्बीर कुमार और कल्पना पटवारी का भव्य कार्यक्रम होगा. इसके अलावा गोरखपुर सांसद रवि किशन भी कल्याणपुर आएंगे और वह भी कार्यक्रम में भाग लेंगे.
हाईटेक सुरक्षा की व्यवस्था-
उन्होंने बताया कि यहां 10 लाख से अधिक की भीड़ पिछले साल भी हुई थी और उसे भीड़ को देखते हुए सुरक्षा को लेकर हाईटेक इंतजाम किए गए हैं. पूरे परिसर में आई कैमरे से भीड़ की निगरानी होगी, ताकि अगर कोई गलती करता है तो उसे ट्रैक कर पहचाना जा सके. इसके अलावा जिला प्रशासन और समिति की ओर से 200 से अधिक पुरुष और 50 महिला बाउंसरों की तैनाती रहेगी.
ये भी पढ़ें: