scorecardresearch

Sawan Special: देश के इन मंदिरों में बसते हैं महादेव! सावन में जरूर करें इन अलौकिक और चमत्कारी Shiva Temples के दर्शन, हर मनोकामना हो जाएगी पूरी

महादेव के प्रिय माह सावन में शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना करने का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. सावन माह में शिवलिंग का विधि-विधान से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव अतिशीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों के सारे कष्ट दूर कर देते हैं. यहां हम आपके कुछ प्रसिद्ध शिव मंदिरों के बारे में बता रहे हैं.

Advertisement
Famous Shiva Temples Famous Shiva Temples

सावन का महीना आते ही देशभर में महादेव की भक्ति का रंग और गहरा हो जाता है. शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते हैं. शिवलिंग पर बेलपत्र और जल चढ़ाए जाते हैं और भक्त भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने दूर-दूर से पहुंचते हैं. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि सावन में भगवान शिव की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन के कष्ट दूर होते हैं. देश में कई ऐसे प्राचीन शिव मंदिर हैं, जिनसे सिर्फ धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि रहस्य, इतिहास और चमत्कारों की कहानियां भी जुड़ी हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ प्रसिद्ध महादेव मंदिरों के बारे में.

1. काशी विश्वनाथ धाम, वाराणसी
वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. मान्यता है कि काशी स्वयं महादेव को बेहद प्रिय है. भक्तों का विश्वास है कि यहां दर्शन करने से मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग खुलता है. सावन में इस मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और पूरा काशी हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठता है.

2. महाकालेश्वर, उज्जैन
मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग को भगवान शिव के सबसे शक्तिशाली स्वरूपों में माना जाता है. यहां होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती इसका सबसे बड़ा आकर्षण है. मान्यता है कि महाकाल अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और उन्हें अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति देते हैं. यही वजह है कि इस मंदिर से करोड़ों लोगों की गहरी आस्था जुड़ी है.

3. केदारनाथ, उत्तराखंड
हिमालय की ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित केदारनाथ मंदिर शिव भक्तों के लिए किसी आध्यात्मिक धाम से कम नहीं है. यह 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल होने के साथ पंच केदार का भी प्रमुख मंदिर है. कठिन रास्तों के बावजूद भक्त यहां महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. बर्फीली चोटियों के बीच बसे इस मंदिर का वातावरण भक्तों को अलग ही आध्यात्मिक अनुभव देता है.

4. अमरनाथ गुफा, जम्मू-कश्मीर
हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा भगवान शिव से जुड़ा देश के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक है. यहां प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग को भक्त बाबा अमरनाथ का स्वरूप मानते हैं. कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. महादेव के प्रति उनकी आस्था ही इस कठिन यात्रा को भी उनके लिए एक आध्यात्मिक अनुभव बना देती है.

5. सोमनाथ मंदिर, गुजरात
गुजरात के समुद्र तट पर स्थित सोमनाथ मंदिर भी 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है. इस मंदिर का इतिहास बेहद पुराना और उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. मान्यता है कि चंद्रदेव ने यहां भगवान शिव की आराधना की थी. कई बार नष्ट होने के बाद भी मंदिर का बार-बार पुनर्निर्माण होना इसे आस्था का प्रतीक बनाता है.

6. बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर
झारखंड के देवघर में स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम को भगवान शिव के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में गिना जाता है. सावन में यहां कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व होता है. लाखों कांवड़िए सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल देवघर पहुंचते हैं और बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित करते हैं. भक्तों का विश्वास है कि सच्चे मन से यहां पूजा करने पर भोलेनाथ उनकी मनोकामना पूरी करते हैं.

7. मुरुदेश्वर मंदिर, कर्नाटक
अरब सागर के किनारे स्थित मुरुदेश्वर मंदिर अपनी विशाल शिव प्रतिमा के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. यहां भगवान शिव की विशाल प्रतिमा समुद्र के सामने विराजमान है, जो भक्तों को आकर्षित करती है. मंदिर की प्राकृतिक खूबसूरती और धार्मिक महत्व का अनोखा मेल इसे खास बनाता है. सावन में यहां शिव भक्तों की बड़ी संख्या पहुंचती है. 

(GNT इंटर्न अनुष्का रस्तोगी की रिपोर्ट)