Gold characters spelling Ram
Gold characters spelling Ram
शिरडी साईं बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का एक और अनोखा उदाहरण सामने आया है. दुबई के एक साईं भक्त ने अपनी मुराद पूरी होने पर शिरडी साईं बाबा मंदिर में करीब 10 लाख रुपये मूल्य का 76 ग्राम सोने से बना 'राम' अक्षर अर्पित किया है. इससे पहले भी यही भक्त 24 लाख रुपये मूल्य का सोने का 'ॐ साईं' अक्षर मंदिर को भेंट कर चुका है. अब दोनों अर्पणों को मिलाकर द्वारकामाई मंदिर में 'ॐ साईं राम' के स्वर्ण अक्षर स्थापित कर दिए गए हैं. श्रद्धालु इसे अपनी आस्था और भगवान श्रीराम के प्रति साईं बाबा के स्वरूप से जोड़कर देख रहे हैं.
द्वारकामाई में स्थापित किए गए स्वर्ण अक्षर
शिरडी साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के अनुसार दुबई के एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद 76 ग्राम वजन का सोने से बना 'राम' अक्षर मंदिर को समर्पित किया. इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है. इससे पहले इसी भक्त ने करीब 24 लाख रुपये मूल्य का सोने का 'ॐ साईं' अक्षर भी अर्पित किया था. अब इन दोनों अर्पणों को एक साथ जोड़कर 'ॐ साईं राम' के रूप में द्वारकामाई मंदिर में स्थापित किया गया है.
सीईओ ने बताई अर्पण की खास वजह
साईंबाबा मंदिर ट्रस्ट के सीईओ गोरक्ष गाड़िलकर ने बताया कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल बाबा के दर्शन के लिए शिरडी आते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार दान अर्पित करते हैं. उन्होंने बताया कि दुबई के इस भक्त ने पहले 'ॐ साईं' के स्वर्ण अक्षर अर्पित किए थे, लेकिन उन्हें लगा कि यह पूर्ण नहीं है. इसी भावना से उन्होंने बाद में 'राम' अक्षर भी अर्पित किया, जिससे 'ॐ साईं राम' का स्वरूप पूरा हो गया.
साईं बाबा को श्रीराम का स्वरूप मानते हैं श्रद्धालु
द्वारकामाई वह पवित्र स्थान है, जहां साईं बाबा ने अपने जीवन का अधिकांश समय बिताया और भक्तों को दर्शन दिए. ऐसे में 'ॐ साईं राम' के स्वर्ण अक्षरों की स्थापना का विशेष धार्मिक महत्व माना जा रहा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु साईं बाबा को भगवान श्रीराम का स्वरूप मानते हैं. यही कारण है कि इस अनोखे स्वर्ण अर्पण को श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक माना जा रहा है.
रिपोर्टर: नितिन मिराणे
ये भी पढ़ें: