scorecardresearch

Vastu Tips For Tulsi plant: घर में कहां तुलसी का पौधा लगाने से मिलता है फल? जानें वास्तु इस पर क्या कहता है

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में तुलसी का पौधा केवल धार्मिक आस्था नहीं बल्कि सुख-समृद्धि का प्रतीक है. इसलिए इसे घर में सही जगह पर लगाना सबसे शुभ होता है.

Tulsi plant vastu tips Tulsi plant vastu tips

घर में तुलसी का पौधा सिर्फ हरियाली बढ़ाने के लिए नहीं लगाया जाता, बल्कि इसे सुख-शांति, सकारात्मकता और धार्मिक आस्था से भी जोड़कर देखा जाता है. कई लोग रोज तुलसी की पूजा करते हैं, लेकिन अकसर एक गलती कर बैठते हैं कि उसे गलत दिशा में रख देते हैं. वास्तु शास्त्र में तुलसी के पौधे की सही जगह को काफी अहम माना गया है. मान्यता है कि अगर इसे सही दिशा में रखा जाए तो घर में सकारात्मक माहौल बना रहता है, वहीं गलत दिशा में लगाने से परेशानियां भी बढ़ सकती हैं.

इस दिशा में लगाएं तुलसी, माना जाता है सबसे शुभ
वास्तु के अनुसार तुलसी का पौधा पूर्व, उत्तर या उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) दिशा में लगाना सबसे शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि इन दिशाओं में सुबह की धूप अच्छी तरह पहुंचती है, जिससे पौधा स्वस्थ रहता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है. खासकर ईशान कोण को पूजा-पाठ और पवित्रता का स्थान माना गया है, इसलिए यहां तुलसी रखना शुभ समझा जाता है.

ईशान कोण का अर्थ
ईशान कोण को घर का नॉर्थ-ईस्ट का हिस्सा कह सकते हैं, जो वास्तु शास्त्र और सकारात्मक ऊर्जा के लिए सबसे शुभ माना गया है.  इस कोने में भगवान शिव खुद वास करते हैं. भगवान शिव का एक नाम ईशान भी है इसलिए इसे ईशान कोण कहते हैं. इसके अलावा यहां देवताओं के गुरु बृहस्पति और केतु का भी वास माना जाता है. घर का सबसे शुभ ये कोना ज्ञान, बुद्धि और धन लाभ का प्रतीक है. 

घर के आंगन या बालकनी में कहां रखें?
अगर आपके घर में आंगन है, तो तुलसी को साफ-सुथरी जगह पर थोड़ा ऊंचा स्थान देकर रखें. फ्लैट या अपार्टमेंट में रहने वाले लोग इसे बालकनी में रख सकते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि वहां धूप आती हो. तुलसी को बिल्कुल अंधेरी जगह या बंद कोने में रखना अच्छा नहीं माना जाता. अंधेरी जगह में रखने से तुलसी का शुभ प्रभाव कम हो जाता है. 

इन दिशाओं में लगाने से बचें
जहां तुलसी को कुछ जगहों पर लगाना शुभ माना जाता है, वहीं वास्तु मान्यताओं के मुताबिक कुछ जगहों पर तुलसी का पौधा रखना अशुभ होता है. जिसमें से है, दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगाने से बचना चाहिए. माना जाता है कि इससे घर की सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित हो सकती है. कुछ वास्तु विशेषज्ञ पश्चिम दिशा को भी बहुत अनुकूल नहीं मानते, इसलिए अगर विकल्प हो तो पूर्व या उत्तर दिशा को ही प्राथमिकता देना बेहतर माना जाता है.

तुलसी के पास ये चीजें बिल्कुल न रखें
तुलसी मां लक्ष्मी का स्वरूप हैं. बहुत से लोग जगह की कमी में तुलसी के पास झाड़ू, जूते-चप्पल या कूड़ादान रख देते हैं, लेकिन वास्तु में इसे सही नहीं माना गया है. तुलसी के आसपास साफ-सफाई रखना जरूरी बताया गया है. साथ ही कांटेदार पौधे जैसे कैक्टस भी इसके पास रखने से बचने की सलाह दी जाती है. गंदे जगह में तुलसी को रखने से धन, और शांति का नाश होता है और घर में दरिद्रता डेरा डालने लगती है. 

तुलसी को जमीन पर नहीं, थोड़ी ऊंचाई पर रखें
मान्यता है कि तुलसी को सीधे जमीन पर रखने की बजाय गमले या चौकी जैसी ऊंची जगह पर रखना शुभ होता है. इससे पौधा सुरक्षित भी रहता है और उसकी देखभाल करना आसान हो जाता है. साथ ही तुलसी को रोज थोड़ा पानी देना और सूखे पत्ते हटाना भी जरूरी माना जाता है.

ये भी पढ़ें