Where is World's largest Shivling
Where is World's largest Shivling
भगवान शिव की नगरी काशी एक बार फिर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचने जा रही है. वाराणसी में दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग बनाने की योजना सामने आई है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत करीब 130 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया जाएगा, जो न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि पर्यटन को भी नई पहचान देगा. अगर यह परियोजना तय योजना के अनुसार पूरी होती है, तो वाराणसी दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग का घर बन जाएगा.
130 फीट ऊंचा होगा नया शिवलिंग
योजना के अनुसार काशी में लगभग 130 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया जाएगा. यह केवल एक धार्मिक स्मारक नहीं होगा, बल्कि इसके आसपास आधुनिक सुविधाओं और आध्यात्मिक आकर्षणों का भी विकास किया जाएगा. इस परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है.
शिवलिंग के आसपास 20 एकड़ से अधिक क्षेत्र में एक विशाल आध्यात्मिक पार्क और ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना है. इसके अलावा यहां संग्रहालय, कला दीर्घा, वॉकिंग ट्रैक भी बनाए जाएंगे. इससे यह स्थान धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है.
फिलहाल कहां है दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग?
वर्तमान में दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग का रिकॉर्ड केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चेंकल स्थित महेश्वर श्री शिव पार्वती मंदिर के नाम है. यहां स्थित शिवलिंग की ऊंचाई 111.2 फीट है. यह आठ मंजिलों वाली संरचना है, जिसमें छह स्तर मानव शरीर के चक्रों का प्रतीक माने जाते हैं.
इसके अलावा कर्नाटक के कोलार जिले में स्थित कोटिलिंगेश्वर मंदिर में 108 फीट ऊंचा शिवलिंग मौजूद है. वहीं बिहार के मोतिहारी स्थित विराट रामायण मंदिर में दुनिया का सबसे बड़ा अखंड शिवलिंग है, जिसकी ऊंचाई 33 फीट और वजन 210 टन है. अरुणाचल प्रदेश के जीरो में 26 फीट ऊंचा प्राकृतिक शिवलिंग भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष महत्व रखता है.
ये भी पढ़ें: