Karwa Chauth Shubh Rang 2026
Karwa Chauth Shubh Rang 2026
हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत रखा जाता है. इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पूजा-पाठ के साथ-साथ सोलह शृंगार का भी विशेष महत्व है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, करवा चौथ पर राशि के अनुसार शुभ रंग के कपड़े पहनना भी अच्छा माना जाता है. आइए जानते हैं कि मेष से लेकर मीन राशि तक की महिलाओं के लिए कौन-सा रंग शुभ माना गया है और व्रत की पूजा कैसे करें.
करवा चौथ 2026 कब
इस बार करवा चौथ का व्रत गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को रखा जाएगा. चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर की रात 1 बजकर 6 मिनट से शुरू होकर रात 10 बजकर 9 मिनट तक रहेगी. चंद्रमा के रात 8 बजकर 17 मिनट पर निकलने का अनुमान है. हालांकि, चंद्रोदय का वास्तविक समय शहर के अनुसार अलग-अलग हो सकता है. करवा चौथ के दिन महिलाएं सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद व्रत का संकल्प लेती हैं. पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को चौथ माता, मां गौरी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है. रात में चंद्रमा को अर्घ्य देने और पति के हाथों जल ग्रहण करने के बाद व्रत खोला जाता है.
राशि के अनुसार करवा चौथ पर पहनें शुभ रंग
1. मेष राशि: मेष राशि की महिलाओं के लिए लाल रंग शुभ माना जाता है. इस दिन लाल साड़ी या सूट पहनना प्रेम, ऊर्जा और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है.
2. वृषभ राशि: वृषभ राशि की महिलाएं गुलाबी रंग के वस्त्र पहन सकती हैं. गुलाबी रंग प्रेम, कोमलता और वैवाहिक जीवन में मधुरता का प्रतीक माना जाता है.
3. मिथुन राशि: मिथुन राशि की महिलाओं के लिए हरा रंग अच्छा विकल्प है. हरा रंग हरियाली, नई शुरुआत और सकारात्मकता से जुड़ा माना जाता है.
4. कर्क राशि: कर्क राशि की महिलाएं क्रीम रंग की साड़ी या सूट पहन सकती हैं. यह रंग शांति, सादगी और सौम्यता का प्रतीक माना जाता है.
5. सिंह राशि: सिंह राशि की महिलाओं के लिए गोल्डन रंग के कपड़े शुभ माने जाते हैं. सुनहरे रंग की साड़ी या लहंगा उनके पारंपरिक लुक को खास बना सकता है.
6. कन्या राशि: कन्या राशि की महिलाएं सुनहरे रंग के वस्त्र चुन सकती हैं. इस रंग को समृद्धि और शुभता से जोड़कर देखा जाता है.
7. तुला राशि: तुला राशि की महिलाओं के लिए सिल्वर रंग शुभ माना जाता है. चांदी जैसी चमक वाला रंग शांति और संतुलन का प्रतीक माना जाता है.
8. वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि की महिलाएं गोल्डन रंग की साड़ी या सूट पहन सकती हैं. यह रंग उत्सव के माहौल में पारंपरिक सुंदरता को निखार सकता है.
9. धनु राशि: धनु राशि की महिलाओं के लिए आसमानी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. यह रंग ताजगी, शांति और सकारात्मकता का एहसास कराता है.
10. मकर राशि: मकर राशि की महिलाएं नीले रंग की साड़ी या सूट पहन सकती हैं. नीला रंग स्थिरता, आत्मविश्वास और गंभीरता का प्रतीक माना जाता है.
11. कुंभ राशि: कुंभ राशि की महिलाओं के लिए सिल्वर रंग शुभ होता है. इस रंग की साड़ी या सूट के साथ पारंपरिक गहने पहनकर आकर्षक लुक पाया जा सकता है.
12. मीन राशि: मीन राशि की महिलाओं के लिए पीले रंग के वस्त्र शुभ माने जाते हैं. पीला रंग ज्ञान, प्रसन्नता और शुभता से जुड़ा है.
करवा चौथ व्रत की पूजा विधि
चौथ के दिन सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र पहनें. इसके बाद चौथ माता का स्मरण करते हुए पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत का संकल्प लें. इस दिन महिलाएं अपनी परंपरा के अनुसार सोलह शृंगार करती हैं. शाम को शुभ मुहूर्त में चौथ माता, मां गौरी और भगवान गणेश की पूजा करें. पूजा के दौरान रोली, अक्षत, फूल, धूप-दीप और अन्य आवश्यक सामग्री अर्पित करें. पूजा के समय फल, मिठाई और हलवा-पूरी का भोग लगाएं. इसके बाद करवा चौथ की व्रत कथा सुनें या पढ़ें.परिवार की परंपराओं के अनुसार करवा पूजन भी करें. रात में चंद्रमा के दर्शन होने पर जल से अर्घ्य दें और पति की लंबी उम्र की प्रार्थना करें. इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण करके व्रत का पारण करें.