गुड न्यूज़ टुडे की इस खास पेशकश में अक्षय तृतीया के महत्व, सही तारीख और शुभ मुहूर्त पर विस्तार से चर्चा की गई है. पंचांग के अनुसार इस साल तृतीया तिथि 19 और 20 अप्रैल दोनों दिन पड़ रही है, लेकिन ज्योतिष के जानकारों के मुताबिक अक्षय तृतीया का त्योहार 19 अप्रैल को मनाना ही शास्त्र सम्मत रहेगा. इस दिन को अबूझ मुहूर्त माना जाता है, जिसमें बिना पंचांग देखे कोई भी शुभ कार्य किया जा सकता है. इस बार अक्षय तृतीया पर 100 साल बाद सात विशेष शुभ योग बन रहे हैं, जिनमें आयुष्मान, सौभाग्य, गजकेसरी और सर्वार्थ सिद्धि योग शामिल हैं. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन सतयुग और त्रेता युग की शुरुआत हुई थी और भगवान परशुराम का जन्म हुआ था. अक्षय तृतीया पर सोने-चांदी की खरीदारी का विशेष महत्व है. सराफा बाजार में भी रौनक है और 24 कैरेट सोने का भाव 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है, जबकि चांदी 2.5 लाख रुपये प्रति किलो के पार कारोबार कर रही है.