air conditioner
air conditioner
भीषण गर्मी से जूझ रहे भारत के लिए राहत भरी खबर है. IIT Delhi ने एक स्टार्टअप के साथ मिलकर ऐसा एयर कंडीशनिंग सिस्टम तैयार किया है, जो 50 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी कूलिंग कर सकता है. खास बात यह है कि इस AC का पायलट परीक्षण पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे बाजार में उतारा जा सकता है.
स्टार्टअप के साथ मिलकर तैयार किया नया सिस्टम
आईआईटी दिल्ली ने स्टार्टअप Optimist के साथ मिलकर यह अगली पीढ़ी का AC सिस्टम विकसित किया है. दोनों के बीच यह पार्टनरशिप करीब डेढ़ साल पहले शुरू हुई थी. इस प्रोजेक्ट में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अनुराग गोयल तकनीकी सलाहकार की भूमिका में हैं. उनके साथ कई छात्रों ने भी इस प्रोडक्ट के डेवलपमेंट में योगदान दिया है.
50°C तापमान में भी शानदार प्रदर्शन
इस AC सिस्टम को खासतौर पर भारत जैसी अत्यधिक गर्म जलवायु को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. पायलट टेस्ट में यह पाया गया कि यह AC 50°C तक के तापमान में भी अच्छी कूलिंग देने में सक्षम है और साथ ही यह बिजली भी कम खर्च करता है.
स्टार्टअप के सह-संस्थापक और CTO प्रणव चोपड़ा के मुताबिक, भारत की भीषण गर्मी और जनसंख्या संरचना एक बड़ी चुनौती है. ऐसे में आईआईटी दिल्ली के शोधकर्ताओं की तकनीकी विशेषज्ञता उनके रिसर्च और डेवलपमेंट में बेहद अहम साबित हुई है.
एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल
इस प्रोजेक्ट को खास बनाने वाली बात इसकी इंजीनियरिंग है. इसमें HVAC सिस्टम के लिए सिमुलेशन टूल, डिजिटल ट्विन टेक्नोलॉजी, हीट एक्सचेंजर डिजाइन और हाई टेम्परेचर कंडीशन्स में सिस्टम वेरिफिकेशन जैसे एडवांस फीचर्स शामिल हैं.
प्रोफेसर अनुराग गोयल के अनुसार, भारत की जलवायु कूलिंग सिस्टम के लिए खास चुनौतियां पेश करती है. इस प्रोजेक्ट में गहन सिमुलेशन और थर्मल एनालिसिस के जरिए एक हाई-एफिशिएंसी AC तैयार किया गया है.
2024 में शुरू हुआ स्टार्टअप
Optimist की स्थापना 2024 में आशीष गोयल और प्रणव चोपड़ा ने की थी. कंपनी ने हाल ही में 12 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है, जिसका उपयोग मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने, R&D मजबूत करने और सर्विस नेटवर्क विस्तार में किया जा रहा है.
जल्द हो सकता है बाजार में लॉन्च
फिलहाल कंपनी पायलट परीक्षण पूरा कर चुकी है और आने वाले हफ्तों में इस नए AC को लॉन्च करने की तैयारी में है. आईआईटी दिल्ली के साथ यह साझेदारी आगे भी जारी रहेगी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में अहम भूमिका निभाएगी.
रिपोर्ट-संजय शर्मा