scorecardresearch

चिलचिलाती धूप में भी होगा ठंड का एहसास, ये कपड़ा रखेगा आपको Cool

जब इंजीनियर्ड सिल्क को सूर्य की रोशनी में ले जाया गया तो शोधकर्ताओं ने पाया कि यह आसपास की हवा की तुलना में 3.5 डिग्री सेल्सियस ठंडा रहता है, क्योंकि इसकी अधिकांश सूर्य की रोशनी और हीट को रेडिएट करने की क्षमता होती है. ये कपड़ा 95 फीसदी सूर्य की रोशनी को ब्लॉक कर देता है.

प्रतीकात्मक तस्वीर प्रतीकात्मक तस्वीर
हाइलाइट्स
  • इंजीनियर्ड सिल्क आसपास की हवा की तुलना में 3.5 डिग्री सेल्सियस ठंडा रहता है

  • ये कपड़ा 95 फीसदी सूर्य की रोशनी को ब्लॉक कर देता है

  • वैश्विक बिजली का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा हमें ठंडा रखने में जाता है

बचपन में गर्मी से बचने के लिए हम न जाने कितने उपाय करते थे. डर्मी-कूल पाउडर, सूती कपड़े, सर पर कैप और न जाने क्या क्या …. लेकिन जरा सोचिये आपको कोई ऐसा कपड़ा मिले जिसे पहनकर आप 12.5 डिग्री सेल्सियस तक की ठंड महसूस कर सकें तो? न पाउडर का झंझट और न सूती कपड़े का…बढ़ रही गर्मी और ऊर्जा की मांग को कम करने के लिए, वैज्ञानिक ने हमें ठंडा रखने के लिए एक ऐसा तरीका खोज लिया है जिससे हमें बिजली खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. 

इंजीनियर्ड सिल्क से बना यह कपड़ा सूती कपड़ों की तुलना में हमें लगभग 12.5 डिग्री सेल्सियस ठंडा रखता है और गर्म मौसम से राहत प्रदान करता है. आपको बता दें, यह ऐसा पहला कपड़ा है जो सूरज की रोशनी में भी आसपास की हवा की तुलना में ठंडा रहता है.

त्वचा को रखता है ठंडा

चीन में नानजिंग यूनिवर्सिटी (Nanjing University) में जिया झू और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) में शांहुई फैन और उनके सहयोगियों ने मिलकर सिल्क के इस कपड़े को बनाया है. ये हमारी त्वचा को ठंडा रखता है. इसमें सिल्क पर पड़ने वाली सूरज की लाइट को रिफ्लेक्ट करने में मदद करता है. 

क्या है कपड़े के ठंडे रहने के पीछे की साइंस?

इस कपड़े के ठंडे रहने के पीछे की साइंस की बात करें, तो ये कपड़ा 95 फीसदी सूर्य की रोशनी को ब्लॉक कर देता है. इंजीनियर्ड सिल्क एल्यूमीनियम ऑक्साइड नैनो पार्टिकल (aluminium oxide nanoparticles) के साथ फाइबर को एम्बेड करके, सूर्य की रोशनी को ब्लॉक करने में मदद करता है. 

क्या पाया गया रिसर्च में?

जब इंजीनियर्ड सिल्क को सूर्य की रोशनी में ले जाया गया तो शोधकर्ताओं ने पाया कि यह आसपास की हवा की तुलना में 3.5 डिग्री सेल्सियस ठंडा रहता है, क्योंकि इसकी अधिकांश सूर्य की रोशनी और हीट को रेडिएट करने की क्षमता होती है. इस रिसर्च में ये भी पाया गया कि ये नेचुरल सिल्क की तुलना में 8 डिग्री सेल्सियस और कॉटन की तुलना में त्वचा को 12.5 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा रखता था.

नेचुरल सिल्क और कॉटन से भी ज्यादा ठंडक 

सबसे आखिर में जब शोधकर्ताओं ने इंजीनियर्ड सिल्क से एक कॉलर वाली लंबी बाजू की शर्ट बनाई और 37 डिग्री सेल्सियस के तापमान वाली धूप में बाहर खड़े हुए तो पाया कि वह शर्ट अभी भी ठंडी ही है. तुलना करने के लिए जब उन्होंने नेचुरल सिल्क या कॉटन से बनी शर्ट पहनी तो वह गर्म हो गयी.  जिया झू इसपर कहते हैं, "गर्म दिन में सूरज की रोशनी में इंजीनियर्ड सिल्क को पहनने से कपास जैसे सामान्य कपड़ों की तुलना में अधिक ठंडक महसूस होती है." 

आरामदायक और किफायती है ये कपड़ा 

वह आगे झू कहते हैं कि इंजीनियर्ड सिल्क पहनने में आरामदायक है, खुली होने के साथ इसे बिना फटे बार-बार धोया और सुखाया जा सकता है. वे कहते हैं कि यह बनाने में सस्ती भी है और बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन किया जा सकता है.

वहीं शांहुई फैन का कहना है कि इस कपड़े को मुख्य रूप से घरों और ऑफिस की बिल्डिंग जैसी इनडोर सेटिंग्स के बजाय लोगों को बाहर और धूप के संपर्क में आने पर ठंडा रखने के लिए डिजाइन किया गया है.