scorecardresearch

अमेरिका में पहली Freeze-Dried Plasma को मंजूरी, सिर्फ 2.5 मिनट में ट्रांसफ्यूजन के लिए होगा तैयार

सामान्य प्लाज्मा को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसे फ्रीज करना पड़ता है. जरूरत पड़ने पर इसे फ्रीजर से निकालकर पिघलाया जाता है. इसके लिए फ्रीजर, सही तापमान और जरूरी उपकरण चाहिए.

Advertisement
Freeze-Dried Plasma: Photo:Hiroshi Tsubono Freeze-Dried Plasma: Photo:Hiroshi Tsubono

अमेरिकी FDA ने Ezplaz Freeze-Dried Plasma को मंजूरी दी है. यह अमेरिका में मंजूरी पाने वाला पहला फ्रीज-ड्राइड प्लाज्मा है. इसकी खासियत है कि इसे फ्रीजर के बिना रखा जा सकता है और जरूरत पड़ने पर करीब 2.5 मिनट में ट्रांसफ्यूजन के लिए तैयार किया जा सकता है. इसकी मंजूरी से जुड़ी रिपोर्ट मेडिकल जर्नल JAMA में प्रकाशित हुई है.

प्लाज्मा क्या करता है?
हमारे खून का एक बड़ा हिस्सा तरल होता है, जिसे प्लाज्मा कहते हैं. इसमें कई जरूरी प्रोटीन होते हैं. इनमें कुछ ऐसे प्रोटीन भी होते हैं जो शरीर में खून को जमाने और ब्लीडिंग रोकने में मदद करते हैं. जब किसी व्यक्ति को गंभीर चोट लगती है और बहुत ज्यादा खून निकल जाता है, तो शरीर में खून जमाने वाले ये जरूरी तत्व भी कम हो सकते हैं. ऐसे मरीजों को प्लाज्मा दिया जाता है, ताकि शरीर को इन जरूरी तत्वों की पूर्ति हो सके.

सामान्य प्लाज्मा को फ्रीज करना पड़ता है
सामान्य प्लाज्मा को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसे फ्रीज करना पड़ता है. जरूरत पड़ने पर इसे फ्रीजर से निकालकर पिघलाया जाता है. इसके लिए फ्रीजर, सही तापमान और जरूरी उपकरण चाहिए. अस्पताल से दूर एंबुलेंस, गांवों, आपदा प्रभावित इलाकों या युद्ध के मैदान में यह व्यवस्था करना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में मरीज को प्लाज्मा मिलने में देरी हो सकती है.

Freeze-Dried Plasma में क्या खास?
Ezplaz को बनाने के लिए प्लाज्मा से पानी निकाल दिया जाता है. इस प्रक्रिया को फ्रीज-ड्राइंग कहते हैं. इससे प्लाज्मा सूखी अवस्था में सुरक्षित रहता है और उसके जरूरी प्रोटीन को बनाए रखने की कोशिश की जाती है. FDA के अनुसार इसे 2 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 12 महीने तक रखा जा सकता है. यानी इसे सामान्य प्लाज्मा की तरह हर समय फ्रीजर में रखने की जरूरत नहीं है.

जब मरीज को इसकी जरूरत होती है, तो किट में दिया गया कीटाणुरहित पानी इसमें मिलाया जाता है. FDA के आकलन के अनुसार करीब 2.5 मिनट में प्लाज्मा दोबारा तरल रूप में तैयार हो जाता है.

किस ब्लड ग्रुप में उपलब्ध?
Ezplaz फिलहाल AB प्लाज्मा और कम anti-B antibodies वाले A प्लाज्मा के रूप में उपलब्ध है. इन प्रकारों को इसलिए चुना गया है ताकि इमरजेंसी में मरीज का ब्लड ग्रुप तुरंत पता न होने पर गलत ब्लड ग्रुप की प्रतिक्रिया का खतरा कम किया जा सके.

किन मरीजों को दिया जा सकेगा?
FDA ने इसे उन वयस्क मरीजों के लिए मंजूरी दी है जिन्हें प्लाज्मा की जरूरत है, लेकिन दूसरे प्लाज्मा उत्पाद उपलब्ध नहीं हैं. इसमें गंभीर रूप से खून बहने वाले मरीज, बड़े पैमाने पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन की जरूरत वाले लोग और कुछ ऐसे मरीज शामिल हो सकते हैं जो वारफरिन जैसी खून पतला करने वाली दवा लेते हैं और उसका असर तुरंत कम करना जरूरी होता है.

क्या यह पूरी तरह सुरक्षित है?
दूसरे प्लाज्मा ट्रांसफ्यूजन की तरह इससे भी एलर्जी, फेफड़ों पर असर, शरीर में ज्यादा तरल जमा होने और गलत ब्लड ग्रुप मिलने पर गंभीर प्रतिक्रिया का खतरा हो सकता है. FDA ने खून का थक्का बनने से जुड़े जोखिम को भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं माना है और इसके लिए आगे अध्ययन किया जाएगा. इसके अलावा, अभी यह साबित नहीं हुआ है कि Ezplaz सामान्य जमे हुए प्लाज्मा की तुलना में मरीजों की जान बचाने में ज्यादा प्रभावी है.

ये भी पढ़ें: