Person Searching For TV Remote (AI)
Person Searching For TV Remote (AI)
क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि कुछ देर पहले टीवी या AC का रिमोट हाथ में था लेकिन कुछ मिनट बाद आप उसे खुद खोजते फिरते हैं? रिमोट के लिए सोफे, टेबल और कुशन को पलटते रहके हैं. रिमोट पास में ही रखा होता है, लेकिन उस समय नजर नहीं आता. अगर ऐसा अक्सर होता है तो जरूरी नहीं कि आपकी याददाश्त कमजोर हो. साइकोलॉजी के अनुसार इसके पीछे ध्यान भटकने की एक छोटी सी गलती हो सकती है.
साइकोलॉजिस्ट ने याददाश्त की आम गलतियों में 'Absent-mindedness' को भी शामिल किया है. इसका मतलब है कि किसी काम के समय हमारा ध्यान पूरी तरह वहां नहीं होता. ऐसे में दिमाग उस चीज़ को अच्छी तरह याद नहीं रख पाता.
जैसे के आप टीवी देख रहे हैं और साथ में मोबाइल चला रहे हैं. आपने चैनल बदला और रिमोट सोफे के पास रख दिया. उस समय आपका ध्यान मोबाइल या टीवी पर था. इसलिए रिमोट कहां रखा, यह बात दिमाग में ठीक तरह से फीड या कहें कि याद नहीं रह पाती. इसी वजह से आप उसे कुछ देर बाद खोजते हैं.
रिमोट को पहचानना और यह याद रखना कि रिमोट कहां रखा है, दोनों अलग बातें हैं. दिमाग को चीज़ और उसकी जगह के बीच कनेक्शन बनाना पड़ता है. कई बार किसी चीज़ की पहचान याद रहती है, लेकिन उसकी सही जगह याद नहीं रहती.
इसी वजह से आपको लगता है कि रिमोट अभी-अभी तो हाथ में था, लेकिन यह याद नहीं आता कि उसे रखा कहां था.
रिमोट उठाना, चैनल बदलना और फिर उसे कहीं रख देना हमारे लिए बहुत आम बात है. ऐसे काम हम अक्सर बिना ज्यादा सोचे करते हैं. जब किसी काम पर ध्यान कम होता है तो उसकी याद भी कमजोर हो सकती है. यही कारण है कि चाबी, चश्मा, मोबाइल या रिमोट जैसी चीजें कई बार घर में रखकर भूल जाते हैं.
बार-बार रिमोट ढूंढने का मतलब यह नहीं है कि आपकी पूरी याददाश्त खराब है. अगर आप जरूरी काम, तारीख और दूसरी जरूरी बातें नॉर्मल रूप से याद रखते हैं, तो केवल रोजमर्रा की चीजें गलत जगह रखना अलग तरह की भूल हो सकती है.
रिमोट के लिए घर में एक तय जगह बनाएं. इस्तेमाल करने के बाद उसे हमेशा उसी जगह रखें. रिमोट रखते समय सिर्फ कुछ सेकंड उसके जगह पर ध्यान दें. मोबाइल या टीवी में बिजी रहते हुए उसे कहीं भी रखने की आदत कम करें. इससे रिमोट खोजने की परेशानी काफी कम हो सकती है.