सोशल मीडिया पर इन दिनों दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में 3 जून को लगी भीषण आग का है, जिसमें एक महिला बालकनी से उतरकर अपनी जान बचा रही है। गुड न्यूज़ टुडे की फैक्ट चेक टीम की पड़ताल में यह दावा झूठा निकला। असल में यह वीडियो दिसंबर 2025 का फिलीपींस के सेबू का है, जहां एक महिला ने जलती हुई इमारत से अपने कुत्तों की जान बचाई थी। वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के चैंपियंस लीग जीतने के बाद फ्रांस में भड़की हिंसा में प्रदर्शनकारी पुलिस पर हमला कर रहे हैं। जांच में यह दावा भी गलत साबित हुआ। वीडियो में दिख रही पुलिस की शील्ड पर 'पॉलिसी' लिखा है, जो इंडोनेशियाई पुलिस को दर्शाता है। यह वीडियो सितंबर 2025 में इंडोनेशिया में सांसदों के वेतन बढ़ोतरी के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का है।