सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया गया है कि 30 जून से देश में कागज के नोट बंद हो जाएंगे और उनकी जगह प्लास्टिक के नए नोट जारी किए जाएंगे. इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित आवाज का इस्तेमाल किया गया है. गुड न्यूज टुडे की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे की पड़ताल की. जांच में पता चला कि यह दावा पूरी तरह से फर्जी है. आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने स्पष्ट किया है कि पॉलीमर नोटों का प्रस्ताव अभी केवल शुरुआती चरण में है और मौजूदा कागजी नोटों को बंद करने की कोई योजना नहीं है. पीआईबी फैक्ट चेक ने भी इस दावे का खंडन किया है. इसके अलावा, एआई डिटेक्शन टूल्स ने पुष्टि की है कि वीडियो में मौजूद आवाज एआई जनरेटेड है. एक अन्य वायरल वीडियो में दावा किया गया कि कर्णप्रयाग में जिप लाइनिंग के दौरान दिल्ली की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई. जांच में यह वीडियो भी एआई जनरेटेड और फर्जी पाया गया.