सोशल मीडिया पर दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलते ही बड़े बदलाव हो रहे हैं। पहले वीडियो में दावा है कि बंगाल में बड़ी संख्या में मुसलमान टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। हमारी फैक्ट चेक टीम की पड़ताल में यह दावा झूठा निकला। यह वीडियो मार्च 2026 का असम के पाथारकांदी का है, जहां चुनाव से पहले विधायक कृष्णेंदु पॉल की मौजूदगी में मुस्लिम समुदाय के लोग बीजेपी में शामिल हुए थे। दूसरे वायरल वीडियो में एक बुर्का पहने लड़की बांग्लादेश का झंडा जलाती दिख रही है। दावा है कि बंगाल के स्थानीय मुस्लिम बांग्लादेशियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जांच में पता चला कि यह वीडियो दिसंबर 2025 का मुंबई के नालासोपारा का है। वीडियो में दिख रही लड़की इन्फ्लुएंसर शबनम शेख है, जो बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या का विरोध कर रही थी। इन दोनों ही वायरल वीडियो का पश्चिम बंगाल से कोई लेना-देना नहीं है।