सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल को लेकर दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में सड़क पर एक युवक की पिटाई की जा रही है, जिसे बंगाल में नई सरकार बनने के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले का बताया जा रहा है। गुड न्यूज़ टुडे की फैक्ट चेक टीम की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ। असल में यह वीडियो अप्रैल 2026 का है और महाराष्ट्र के मुंबई स्थित अंधेरी वेस्ट के वर्सोवा इलाके का है। वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बंगाल में नई सरकार बनने के बाद मुसलमानों और ईसाइयों को बांग्लादेशी घुसपैठिया बताकर राज्य से बाहर निकाला जा रहा है। जांच में यह दावा भी भ्रामक निकला। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित कौशांबी इलाके का है, जहां पुलिस एक झुग्गी बस्ती में सत्यापन कर रही थी। इन दोनों ही वीडियो का पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है और इन्हें भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है।