गुजरात में नवरात्र और गरबा उत्सव की भव्यता देखने को मिली. राजकोट में अहीर समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और भारी सोने के आभूषणों से सजकर सामूहिक रास का आयोजन किया. कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया और भगवान श्री द्वारकाधीश की आराधना व महाआरती की. महिलाओं ने बताया कि सोना उनकी परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक विरासत का अभिन्न अंग है. वहीं वडोदरा के लक्ष्मी विलास पैलेस और यूनाइटेड वे ऑफ बड़ौदा में गरबा का विशेष उत्साह नजर आया. वडोदरा में महिलाओं ने तलवारों के साथ और पुरुषों ने मशाल लेकर पारंपरिक गरबा प्रस्तुत किया, जबकि अष्टमी पर सिंदूर खेला का भी आयोजन हुआ. इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों जैसे झांसी, सतारा और हिसार से नवरात्र साधना और भक्ति के विविध रंग सामने आए.