FIFA World Cup 2022
FIFA World Cup 2022
फुटबॉल का वर्ल्ड चैंपियन कौन होगा ? इसका आने वाले कुछ दिनों में पता चल जाएगा. फीफा वर्ल्ड कप 2022 में शुक्रवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. पहले मुकाबले में स्टार टीम ब्राजील और पिछली बार की रनर अप टीम क्रोएशिया आमने-सामने होगी. दूसरा मुकाबला देर रात नीदरलैंड और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा. ब्राजील और क्रोएशिया के बीच टक्कर की बात करें तो क्रोएशिया के साथ पिछले चार मुकाबलों में ब्राजील एक बार भी नहीं हारा है. तीन मुकाबले ब्राजील ने जीते थे और एक मुकाबला ड्रॉ रहा था.
उधर, क्रोएशिया ने साउथ अमेरिकन टीम के खिलाफ अपने पांच वर्ल्ड कप मैच में से चार गंवाए हैं. उधर, दूसरे मुकाबले में सभी की नजर अर्जेंटीना और नीदरलैंड पर होगी. दोनों टीमें वर्ल्ड कप में छठी बार आमने सामने होंगी. अर्जेंटीना के खिलाफ पिछले 9 मुकाबलों में से नीदरलैंड सिर्फ एक मैच ही हारा है. नीदरलैंड ने चार मैच में जीत हासिल की और चार ड्रॉ रहे. शुक्रवार को क्रोएशिया और ब्राजील के बीच मुकाबला रात के 08:30 बजे से शुरू होगा. वहीं नीदरलैंड और अर्जेंटीना के बीच दूसरा मैच देर रात साढ़े 12 बजे से शुरू होगा. दोनों मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट Sports18 और Sports18 HD पर होगा.
नेमार टखने की चोट से फिट होकर टीम में लौटे
ब्राजील ने जब पिछले मैच में दक्षिण कोरिया को एकतरफा 4-1 से हराया था तो क्रोएशिया के कोच जेलेटको डेलिच ने पांच बार की चैंपियन ब्राजीली टीम को खतरनाक करार दिया था. अब वही खतरनाक टीम शुक्रवार को क्रोएशिया के सामने होगी. विश्कप में दोनों टीमों में दो मैच हुए हैं जिसमें 2006 में ब्राजील 1-0 से जीता और 2014 में 3-1 से हराया.दुनिया की नंबर एक टीम ब्राजील में स्टार स्ट्राइकर नेमार टखने की चोट से फिट होकर लौट चुके हैं. इसके अलावा प्रमुख रक्षक खिलाड़ी डेनिलो की भी वापसी हो चुकी है. हालांकि लेफ्ट बैक एलेक्स सेंद्रो की उपलब्धता पर भी अभी तस्वीर साफ नहीं है. ऐसे में कोच टिटे डेनिलो को लेफ्ट बैक के रूप में रख सकते हैं.
ब्राजील के लिए सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड से एक गोल दूर नेमार
यह क्वार्टर फाइनल नेमार के लिए अतिरिक्त प्रेरणा वाला मैच है. उन्होंने पिछले मैच में दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपना 76वां गोल किया था और वह दिग्गज पेले के ब्राजील के लिए सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड से एक गोल दूर हैं. 2014 में दोनों टीमों के बीच भिड़ंत हुई थी जिसमें 3-1 की जीत में नेमार ने दो गोल किए थे.
मेसी पर सभी की निगाहें
लियोनल मेसी पर सभी की निगाहें लगी होंगी जिनके दम पर अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा है. विश्वकप में अर्जेंटीना सफर अच्छा नहीं रहा था और टीम सऊदी अरब के खिलाफ उलटफेर का शिकार होना पड़ा था. इसके बाद टीम ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा. 35 साल के मेसी इस विश्वकप में चार मैचों में तीन गोल कर चुके हैं और क्वार्टर फाइनल में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.