CSK Defeats KKR in IPL 2026
CSK Defeats KKR in IPL 2026
केकेआर की बैटिंग रही निराशाजनक
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई. टीम को दूसरे ही ओवर में बड़ा झटका लगा, जब फिन एलन जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद सुनील नरेन ने 24 रन जरूर बनाए, लेकिन वे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 28 रन की पारी खेली, मगर नूर अहमद ने उन्हें चतुराई से आउट कर केकेआर की उम्मीदों को झटका दिया.
सबसे ज्यादा निराश किया 25 करोड़ के खिलाड़ी कैमरून ग्रीन ने, जो पहली ही गेंद पर गोल्डन डक का शिकार हो गए. टीम को रिंकू सिंह से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वे भी कुछ खास नहीं कर सके और 12 गेंदों में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद रमनदीप सिंह और पॉवेल ने पारी को संभालने की कोशिश की और अर्धशतकीय साझेदारी भी की, लेकिन यह प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहा. आखिरकार केकेआर की पूरी टीम 160 रन पर सिमट गई और लक्ष्य से काफी पीछे रह गई.
केकेआर की भारी पड़ी गेंदबाज़ी
केकेआर की ओर से गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 35 रन देकर सैमसन और ब्रेविस जैसे अहम विकेट झटके. सुनील नरेन ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 1 विकेट लिया. अनुकूल रॉय ने 3 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि वैभव अरोड़ा महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 55 रन खर्च करने के बावजूद 1 विकेट लिया. वरुण चक्रवर्ती ने 3 ओवर में 26 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली. वहीं ग्रीन ने 2 ओवर में 30 रन लुटाए.
200 रन से पहले ही सिमट गई सीएसके
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया.पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत तेज रही, लेकिन टीम को पहला झटका 25 रन पर ही लग गया, जब कप्तान रुतुराज गायकवाड़ 6 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद आयुष म्हात्रे ने 38 रन की अच्छी पारी खेली, मगर वे भी अहम समय पर पवेलियन लौट गए.
संजू सैमसन 32 गेंदों में 38 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन कार्तिक त्यागी ने 148.1 किमी/घंटा की रफ्तार से शानदार गेंद डालकर उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद सरफराज खान और ब्रेविस ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन आखिर में टीम 200 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी और केकेआर को केवल 193 रन का लक्ष्य ही दे पाई.
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़, आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद.
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी.