scorecardresearch

IPL 2026, CSK vs SRH Highlights: होम ग्राउंड में चेन्नई ने किया हार का सामना.. 5 विकेट से हराकर, हैदराबाद ने दर्ज की प्लेऑफ में जगह

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया.

IPL 2026 IPL 2026

IPL 2026 के 63वें मुकाबले में सोमवार (18 मई) को CSK और SRH के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया. चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा था. जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह भी पक्की कर ली. हैदराबाद की टीम ने 13 मुकाबलों में 8 जीत हासिल कर 16 अंक जुटाए हैं. 

हैदराबाद के बल्लेबाजों ने फोड़ा लक्ष्य
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ट्रेविस हेड महज 6 रन बनाकर पारी के दूसरे ओवर में मुकेश चौधरी का शिकार बन गए. इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कुछ शानदार शॉट लगाए और 26 रन बनाए, लेकिन अकील हुसैन की स्पिन के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके.

शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने टीम की पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की अहम साझेदारी की और मैच का रुख हैदराबाद की ओर मोड़ दिया.

ईशान किशन का रहा जीत में बड़ा हाथ
हेनरिक क्लासेन ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर 47 रन बनाए. उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. क्लासेन को नूर अहमद ने आउट कर चेन्नई को थोड़ी राहत दिलाई. हालांकि दूसरी ओर ईशान किशन एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने शानदार जिम्मेदारी भरी पारी खेली.

ईशान किशन ने 47 गेंदों में 70 रन बनाकर टीम की जीत लगभग तय कर दी. अपनी शानदार पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के जड़े. नीतीश रेड्डी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए. आखिर में सलिल अरोड़ा (10*) और स्मरण रविचंद्रन (5*) ने टीम को जीत तक पहुंचाते हुए मुकाबले का शानदार अंत किया.

चेन्नई ने खड़ा किया 180 को स्कोर
चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए. हालांकि टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. सीएसके को पहला बड़ा झटका तब लगा जब पैट कमिंस ने संजू सैमसन को 27 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया. इसके बाद उर्विल पटेल भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और साकिब हुसैन का शिकार बने. युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने जरूर तेज अंदाज में रन बनाए, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए. कार्तिक ने 19 गेंदों में 32 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो शानदार छक्के शामिल रहे. उन्हें भी पैट कमिंस ने आउट किया. उस समय चेन्नई का स्कोर 90 रन पर तीन विकेट था.

चेन्नई के कप्तान भी आज प्रेशर में
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ आज पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए. उन्होंने 21 गेंदों में सिर्फ 15 रन बनाए और कमिंस का तीसरा शिकार बने. इसके बाद शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए 59 रन की अहम साझेदारी निभाई. डेवाल्ड ब्रेविस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 44 रन बनाए. उनकी पारी में दो चौके और चार लंबे छक्के शामिल रहे. वहीं शिवम दुबे ने 23 गेंदों पर 26 रन बनाए. आखिरी गेंद पर प्रशांत वीर रन आउट हो गए, जिसके साथ चेन्नई की पारी 180 रन पर समाप्त हुई.

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे.

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज और स्पेंसर जॉनसन.