scorecardresearch

FIFA World Cup 2026: कब हुई थी फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत... अब तक किसका रहा दबदबा... किस टीम ने जीते कितने खिताब... एक क्लिक में यहां देख लीजिए विजेताओं की पूरी लिस्ट आप

Football World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है. फुटबॉल के इस महासंग्राम में पहली बार कुल 48 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी. यह 23वां सीजन होगा. आइए जानते हैं फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत कब हुई थी, अब तक किसका रहा दबदबा और 22 सीजन में किस टीम ने जीते कितने खिताब? ब्राजील सबसे अधिक 5 बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुका है. 

FIFA World Cup 2026 FIFA World Cup 2026

दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों का इंताजर बस कुछ दिनों में खत्म होने वाला है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का आगाज 11 जून से होने जा रहा है. यह फीफा वर्ल्ड कप का 23वां सीजन होगा. इस बार फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं.

फुटबॉल के इस महासंग्राम में पहली बार कुल 48 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी. अर्जेंटीना की टीम जहां खिताब बचाव करने मैदान पर उतरेगी तो वहीं अन्य टीमें खिताब जीतने के इरादे से फुटबॉल ग्राउंड पर उतरेंगी. आज आइए जानते हैं फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत कब हुई थी, अब तक किसका रहा दबदबा और 22 सीजन में किस टीम ने जीते कितने खिताब?

किस ग्रुप में कौन
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 104 मैच खेले जाएंगे. इस बार फुटबॉल विश्व कप में हिस्सा ले रहीं 48 टीमों को 4-4 टीमों के 12 ग्रुप में बांटा गया है. हर टीम ग्रुप-चरण में 3 मैच खेलेगी. हर ग्रुप की टॉप दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 बेस्ट टीमें नॉकआउट राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी. इस तरह से कुल 32 टीमें नॉकआउट राउंड में प्रवेश करेंगी. फिर पहला नॉकआउट राउंड होगा जिसे राउंड ऑफ 32 कहा जाएगा. इसके बाद राउंड ऑफ 16 होगा. फिर क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे. 

ग्रुप A: मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, चेक रिपब्लिक
ग्रुप B: कनाडा, बोस्निया, हर्जेगोविना, कतर, स्विट्जरलैंड
ग्रुप C: ब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
ग्रुप D: अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, तुर्की
ग्रुप E: जर्मनी, कुराकाओ, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर
ग्रुप F: नीदरलैंड, जापान, स्वीडन, ट्यूनीशिया
ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
ग्रुप H: स्पेन, काबो वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे
ग्रुप I: फ्रांस, सेनेगल, इराक, नॉर्वे
ग्रुप J: अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
ग्रुप K: पुर्तगाल, डीआर कांगो, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया
ग्रुप L: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा

कब हुई थी फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत
आपको मालूम हो कि फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत साल 1930 में हुई थी. हालांकि दूसरे विश्व युद्ध के चलते 1942 और 1946 में फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन नहीं हो सका था. अभी तक फीफा वर्ल्ड कप 22 बार आयोजित किया जा चुका है. इस बार फीफा वर्ल्ड कप के 23वें सीजन का आयोजन किया जा रहा है. 

सबसे सफल टीम ब्राजील 
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे सफल टीम ब्राजील है. ब्राजील ऐसा अकेला देश है, जिसने फीफा वर्ल्ड कप के सभी 22 संस्करण के लिए क्वालीफाई किया है. ब्राजील टीम 8 बार सेमीफाइनल और 6 बार फाइनल खेल चुकी है. ब्राजील टीम 5 बार फीफा वर्ल्ड कप पर कब्जा  जमा चुकी है. यह टीम साल 1958, 1962, 1970, 1994 और 2002 में खिताब अपने नाम कर चुकी है. 

इन टीमों का भी रहा है जलवा
ब्राजील के अलावा जिन टीमों को फीफा वर्ल्ड कप में जलवा रहा है, उनमें जर्मनी, इटली, अर्जेंटीना, फ्रांस इंग्लैंड आदि हैं. फीफा वर्ल्ड कप में जर्मनी ने 20 बार हिस्सा लिया है. अर्जेंटीना और इटली टीम 18-18 बार इस फुटबॉल के महासंग्राम में हिस्सा ले चुकी हैं. इंग्लैंड, फ्रांस और स्पेन 16-16 बार और उरुग्वे 14 बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुका है. जर्मनी और इटली ने 4-4 बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है. अर्जेंटीना ने 3 बार इस कप पर कब्जा जमाया है. फ्रांस और उरुग्वे ने 2-2 बार स्पेन और इंग्लैंड ने 1-1 बार फीफा वर्ल्ड कप पर अपना कब्जा जमाया है.

फीफा वर्ल्ड कप के विजेताओं की लिस्ट
2022: विजेता अर्जेंटीना और उपविजेता फ्रांस
2018: विजेता फ्रांस और उपविजेता क्रोएशिया
2014: विजेता जर्मनी और उपविजेता अर्जेंटीना
2010: विजेता स्पेन और उपविजेता नीदरलैंड्स
2006: विजेता इटली और उपविजेता फ्रांस
2002: विजेता ब्राजील और उपविजेता जर्मनी
1998: विजेता फ्रांस और उपविजेता ब्राजील
1994: विजेता ब्राजील और उपविजेता इटली
1990: विजेता पश्चिम जर्मनी और उपविजेता अर्जेंटीना
1986: विजेता अर्जेंटीना और उपविजेता पश्चिम जर्मनी
1982: विजेता इटली और उपविजेकता पश्चिम जर्मनी
1978: विजेता अर्जेंटीना और उपविजेता नीदरलैंड्स
1974: विजेता पश्चिम जर्मनी और उपविजेता नीदरलैंड्स
1970: विजेता ब्राजील और उपविजेता इटली
1966: विजेता इंग्लैंड और उपविजेता पश्चिम जर्मनी
1962: विजेता ब्राजील और उपविजेता चेकोस्लोवाकिया
1958: विजेता ब्राजील और उपविजेता स्वीडन
1954: विजेता पश्चिम जर्मनी और उपविजेता हंगरी
1950: विजेता उरुग्वे और उपविजेता ब्राजील
1938: विजेता इटली और उपविजेता हंगरी
1934: विजेता इटली और उपविजेता चेकोस्लोवाकिया
1930: विजेता उरुग्वे और उपविजेता अर्जेंटीना