India's Captain Shubman Gill, Sarfaraz Khan, Ravindra Jadeja and Manav Suthar during a training session (PTI Photo)
India's Captain Shubman Gill, Sarfaraz Khan, Ravindra Jadeja and Manav Suthar during a training session (PTI Photo)
IND vs SL Test: भारतीय टीम टेस्ट मैच में शुभमन गिल की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन कर रही है. गिल की कप्तानी में इंग्लैंड में भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज ड्रॉ करवाई तो वेस्टइंडीज को उसी के घर में हराया. अब भारतीय टीम ने शुभमन गिल के नेतृत्व में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है.
टीम इंडिया पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है. अब टीम इंडिया दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका को हराकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी. उधर, शुभमन गिल के पास बतौर कप्तान विदेश में पहली टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है. भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 23 अगस्त 2026 से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला जाएगा. हम आपको बता रहे हैं कि इस मैच को आप कहां फ्री में देख सकते हैं और टीम इंडिया क्यों टॉस जीतने नहीं हारने पर खुश होगी?
कब-कहां और कितने बजे से खेला जाएगा दूसरा टेस्ट मैच
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 23 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा. यह मैच कोलंबो स्थित सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे शुरू होगा. मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले यानी सुबह 9:30 बजे टॉस होगा.
कहां देख सकते हैं भारत-श्रीलंका का मैच
भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. क्रिकेट प्रेमी सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों पर लाइव मुकाबला देख सकते हैं. वैसे लोग जो मोबाइल या दूसरे डिजिटल डिवाइस पर यह मुकाबला देखना चाहते हैं वे सोनी लिव पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं. आपको मालूम हो कि लाइव स्ट्रीमिंग के लिए सब्सक्रिप्शन की जरूरत हो सकती है.
भारत-श्रीलंका का दूसरा टेस्ट मैच ऐसे देख सकते हैं फ्री में
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच का फ्री में लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर देखा जा सकता है. यदि आपने डीडी फ्री डिश का कनेक्शन ले रखा है तो आप बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के इस मुकाबले का आनंद ले सकते हैं.
टॉस हारने पर क्यों खुश होगी भारतीय टीम
अब हम आपको बता रहे हैं टॉस हारने पर भी भारतीय टीम क्यों खुश होगी. आपको मालूम हो अमूमन टेस्ट मैचों में टॉस जीतने वाली टीम का मैच पर पूरा नियंत्रण रहता है लेकिन सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर ऐसा नहीं होना वाला है. दरअसल, इस मैदान के आंकड़े बताते हैं कि यहां टॉस का सिक्का किसके पक्ष में गिरा यह मायने नहीं रखता बल्कि इससे ज्यादा फर्क प्रदर्शन से पड़ता है. सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर अभी तक कुल 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं. इसमें से 15 मुकाबलों में टॉस जीतने वाली टीम को विजय मिली है जबकि 17 मैचों में उन टीमों ने जीत दर्ज की है, जो टॉस हार गई थीं. बचे 14 मुकाबले ड्रॉ हुए हैं. ऐसे में इस मैदान पर टॉस हारने वाली टीम को बढ़त हासिल रही है. भारतीय टीम टॉस हारकर भी खुश रहेगी.
पहले बैटिंग या फील्डिंग करना रहेगा सही
आपको मालूम हो कि कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर साल 1984 से टेस्ट मैच खेले जा रहे हैं. इस मैदान पर वैसे तो सबसे ज्यादा मैच उसी टीम ने जीते हैं, जिसने पहले बैटिंग की है लेकिन साल 2018 के बाद से नतीजे कुछ अलग रहे हैं. सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर 2018 के बाद से तीन टेस्ट मैच खेले गए हैं और इन तीनों मैचों में पहले फील्डिंग यानी गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है. ऐसे में भारतीय टीम गेंदबाजी चुन सकती है.
भारत का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर ऐसा है रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर साल 1985 से लेकर अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं. इन 9 टेस्ट मैचों में से भारत को 3 में जीत मिली है. 2 मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है. 4 टेस्ट मैचों ड्रॉ रहे हैं. भारत ने इस मैदान पर साल 2010 के बाद से तीन टेस्ट मैच खेले हैं. इन तीन टेस्ट मैचों में से भारत ने दो जीते हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है. उधर, श्रीलंकाई टीम इस मैदान पर साल 2008 के बाद से भारत के खिलाफ एक भी टेस्ट मुकाबला नहीं जीत पाई है. ऐसे में भारतीय टीम की एक बार फिर जीत पक्की मानी जा रही है.
दोनों टीमों में कौन-कौन खिलाड़ी शामिल
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान.
श्रीलंका: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कामिंडु मेंडिस (उपकप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, पसिंदु सूर्यबंधारा, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवांथा, मिलान रत्नायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका.