India Won Against West Indies In T20 World Cup
India Won Against West Indies In T20 World Cup
टी20 विश्व कप के सुपर-8 में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 5 विकेट से मात दे दी. इस अहम जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इससे पहले वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. कैरेबियाई टीम को रोस्टन चेज और शाई होप ने ठोस शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की. रोस्टन चेज ने 40 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 32 रन का योगदान दिया. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके.
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने संतुलित शुरुआत दी. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 29 रन जुड़े, लेकिन अभिषेक 10 रन बनाकर आउट हो गए. ईशान किशन ने 6 गेंदों में 10 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव 16 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे. मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने 15 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन वह भी बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके. हार्दिक पांड्या ने 14 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया. हालांकि अंत में भारतीय बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा और टीम को 5 विकेट से जीत दिलाते हुए सेमीफाइनल का टिकट सुनिश्चित कर दिया.
भारत ने पावरप्ले में बनाएं 53 रन
भारतीय टीम की पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और पावरप्ले के भीतर ही दो बड़े झटके लग गए. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं ईशान किशन ने तेज शुरुआत जरूर की, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक टिक नहीं सके. उन्होंने 6 गेंदों में 10 रन बनाए. छह ओवर की समाप्ति तक भारत ने दो विकेट खोकर 53 रन बना लिए थे. वेस्टइंडीज की ओर से पावरप्ले में जेसन होल्डर और अकील हुसैन ने अहम विकेट झटके.
कैसा रहा वेस्टइंडीज का पावरप्ले?
वेस्टइंडीज की टीम ने पावरप्ले में सधी हुई शुरुआत करते हुए बिना कोई विकेट खोए 45 रन बना लिए. हालांकि पारी की शुरुआत काफी धीमी रही. पहले ओवर में कैरेबियाई बल्लेबाज सिर्फ तीन रन ही जोड़ सके. अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. दूसरे ओवर में हार्दिक पांड्या गेंदबाजी के लिए आए, लेकिन इस ओवर में शाई होप ने आक्रामक रुख अपनाते हुए एक शानदार छक्का जड़ दिया. तीसरे ओवर में फिर से अर्शदीप सिंह ने गेंद संभाली. इस ओवर में उन्हें दो चौके पड़े और कुल 10 रन खर्च करने पड़े. इसी ओवर के दौरान एक अहम मौका भी बना, जब वरुण चक्रवर्ती के पास रन आउट का मौका था, लेकिन वह उसे भुना नहीं सके.
चौथे ओवर में अक्षर पटेल ने बेहतरीन नियंत्रण दिखाया और सिर्फ पांच रन दिए, जिससे भारतीय टीम को थोड़ी राहत मिली. इसके बाद जसप्रीत बुमराह के ओवर में एक बड़ा मौका हाथ से निकल गया. अभिषेक शर्मा ने रोस्टन चेज का आसान कैच छोड़ दिया, जिससे वेस्टइंडीज को जीवनदान मिला. इस ओवर में कुल सात रन बने. पावरप्ले के आखिरी ओवर में अक्षर पटेल थोड़ा महंगे साबित हुए और उन्होंने 10 रन लुटा दिए. इस तरह वेस्टइंडीज ने शुरुआती छह ओवरों में बिना किसी नुकसान के 45 रन बनाकर मजबूत आधार तैयार कर लिया.
कौन उतरा पहले बल्लेबाजी करने?
टी20 विश्व कप के सुपर-8 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे अहम मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस अपने नाम किया और पिच की परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाजी चुनी. भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है और पिछले मैच के प्लेइंग इलेवन पर ही भरोसा जताया. वहीं वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने अपनी टीम में एक अहम बदलाव किया. टीम में ब्रेंडन किंग की जगह स्पिनर अकील हुसैन की टीम में वापसी हुई. माना जा रहा है कि पिच को देखते हुए वेस्टइंडीज ने एक्सट्रा स्पिन ऑप्शन को शामिल करने का फैसला किया.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग XI): संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): शाई होप (विकेट कीपर), रोस्टन चेस, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ.