scorecardresearch

T20 World Cup: नहीं टिक पाया पाक भारत के आगे.. सूर्यकुमार यादव बोले, इंडिया ने खेला केवल अपना 'ब्रांड' क्रिकेट.. आगा ने माना नहीं चले उनके स्पिनर्स

भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी ताकत का ज़ोरदार संदेश दिया.

IND VS PAK IND VS PAK

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी ताकत का ज़ोरदार संदेश दिया. मुकाबले से पहले दोनों देशों के बीच माहौल टेंशन से भरपूर था, लेकिन मैदान पर भारतीय टीम ने पूरी ठंडक के साथ खेलते हुए पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया. जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ शब्दों में कहा कि टीम ने वही क्रिकेट खेला, जो उसकी पहचान है और जिसे वह खेलना चाहती है.

सूर्यकुमार यादव के मुताबिक यह जीत भारत के लिए खास है, क्योंकि टीम ने अपनी 'ब्रांड ऑफ क्रिकेट' को पूरी ईमानदारी से मैदान पर उतारा. उन्होंने कहा कि इस विकेट पर पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला था और टॉस जीतकर पाकिस्तान का पहले गेंदबाजी चुनना गलत साबित हुआ. कप्तान ने माना कि शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद किसी एक बल्लेबाज़ को पारी संभालनी थी, और ईशान किशन ने यह जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाई.

पहली बल्लेबाज़ी थी मुश्किल
भारतीय कप्तान ने यह भी बताया कि पहली पारी में बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, क्योंकि यह अंदाजा लगाना मुश्किल था कि ओस आएगी या नहीं और फ्लडलाइट में पिच का मिज़ाज कैसा रहेगा. उन्होंने गेंदबाज़ों की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि सभी ने एकजुट होकर योगदान दिया. सूर्या ने यह भी स्पष्ट किया कि टीम अब अहमदाबाद रवाना होगी और आने वाले मुकाबलों पर पूरा फोकस करेगी.

क्या बोले 'प्लेयर ऑफ द मैच'
मैच के हीरो और प्लेयर ऑफ द मैच रहे ईशान किशन ने कहा कि शुरुआत में विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं था. उन्होंने बताया कि ऐसे हालात में अपनी ताकत पर भरोसा रखना बेहद ज़रूरी होता है. किशन ने कहा कि उनकी कोशिश गेंदबाज़ों को ज़्यादा से ज़्यादा अपनी साइड दौड़ाने की थी और ऑफ साइड खेल पर उन्होंने हाल के दिनों में काफी मेहनत की है. ईशान ने खुलासा किया कि उनके दिमाग में 160 से 170 रनों का स्कोर था, जो इस पिच पर चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता था. 

पाक कप्तान ने मानी गलती
हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने स्वीकार किया कि उनकी स्पिन गेंदबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में स्पिनरों ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन इस मैच में उनका दिन नहीं था. आगा ने माना कि पावरप्ले में ज्यादा विकेट गंवाना टीम के लिए भारी पड़ गया.

पाक कप्तान के अनुसार पहली पारी में पिच धीमी थी और गेंद रुककर आ रही थी, जबकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी थोड़ी आसान हो गई. गौरतलब है कि भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 114 रन पर सिमट गई.