
Team India (File Photo)
Team India (File Photo)
WTC 2025-27 Team India Final Qualification Scenario: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 (WTC 2025-2027) का फाइनल मुकाबला द ओवल के मैदान पर खेला जाना है. भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल खेलने की राह आसान नहीं है. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में भारत अभी 9 मैचों में 4 में जीत दर्ज कर पांचवें स्थान पर है. टीम इंडिया का 48.15 PCT (Points Percentage) है. भारत अभी WTC अंक तालिका में बांग्लादेश से भी नीचे खिसक चुका है. भारतीय टीम के पास अभी नौ टेस्ट मैच बाकी हैं. यहां आप जान सकते हैं कि आखिर टीम इंडिया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कैसे कर सकती है, इसके लिए उसे कितने मैच जीतने होंगे?
किन-किन टीमों से भारत को खेलने हैं मैच
भारत को अभी 9 टेस्ट मैच जो खेलने हैं, उसमें श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैच के साथ अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड के साथ 2 टेस्ट मैच खेलने हैं. इसके आलावा भारत को अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में खेलने हैं. इन मैचों का रोल बेहद अहम होने वाला है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का फाइनल मुकाबला खेलने के लिए शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम को शानदार प्रदर्शन करना होगा. यदि भारतीय टीम अब लगातार जीत की लय नहीं पकड़ पाएगी तो भारत के लिए WTC फाइनल खेलने का सपना अधूरा रह सकता है.
श्रीलंका में क्लीन स्वीप करने पर भारत को होगा फायदा
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त 2026 से खेली जानी है. यह सीरीज भारत के लिए करो या मरो जैसा है. यदि भारतीय टीम इस सीरीज में क्लीन स्वीप करती है तो जबरदस्त फायदा होगा. टीम इंडिया अंक तालिका में टॉप-4 में पहुंच जाएगी. इस तरह से WTC फाइनल खेलने की उम्मीदें जिंदा रहेंगी. आपको मालूम हो कि आईसीसी के नियमों के मुताबिक हर टेस्ट जीत पर 12 अंक दिए जाते हैं. यदि भारतीय टीम दोनों मैच जीतकर 24 अंक हासिल कर लेती है तो उसका PCT बढ़कर 57.58 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा. भारता का सिर्फ पहला टेस्ट जीतने की स्थिति में पीसीटी सुधरकर 53.33 प्रतिशत हो जाएगा. यदि भारतीय टीम को 0-2 से हार मिली तो श्रीलंका को इसका फायदा मिलेगा. आपको मालूम हो कि श्रीलंका अभी अंक तालिका में 41.67 पीसीटी के साथ छठे स्थान पर है. अंक तालिका में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया (87.50 प्रतिशत), दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका (75.00 प्रतिशत), तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड (72.22 प्रतिशत) और चौथे स्थान पर बांग्लादेश (58.33) है.
भारत कैसे कर पाएगा WTC फाइनल के लिए क्वालिफाई
भारत को WTC फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए अपने बचे 9 मैचों में से 9 मैच या कम से कम 8 मैच जीतने होंगे. यदि भारतीय टीम 9 में से 7 मैच जीतती है तो उसे साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के नतीजों पर निर्भर होना पड़ सकता है. यदि भारतीय टीम अपने सभी बचे 9 मुकाबले जीत लेती है तो उसका पीसीटी 74.07 तक पहुंच जाएगा, जो फाइनल का टिकट लगभग पक्का कर देगा. एक हार के बाद भारत का पीसीटी 68.5, दो हार के बाद पीसीटी 62.9 और तीन हार के बाद पीसीटी नीचे गिरकर 57.41 तक रह जाएगा. आपको मालूम हो कि WTC की अंकतालिका में पर्सेंटाइल से रैंकिंग तय होती है. WTC में हर टेस्ट जीत पर 12 अंक, ड्रॉ पर 4 अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलता. इसी के चलते हर हार सीधे अंक प्रतिशत पर बड़ा असर डालती है.

टीम इंडिया एक बार भी यह टाइटल नहीं कर सकी है अपने नाम
टीम इंडिया साल 2021 और 2023 में WTC का फाइनल खेल चुकी है. हालांकि अभी तक भारतीय टीम एक बार भी आईसीसी का यह टाइटल अपने नाम नहीं कर पाई है. आपको मालूम हो कि साल 2021 में WTC का फाइनल न्यूजीलैंड ने जीता था. इसके बाद 2023 में ऑस्ट्रेलिया और फिर 2025 में साउथ अफ्रीका ने इसे जीता था.