Gujarat Titans won match (Photo: Instagram)
Gujarat Titans won match (Photo: Instagram)
IPL 2022 का 57वां मैच गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया. गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन गुजरात के लिए शुरूआत अच्छी नहीं रही. क्योंकि टीम ने जल्दी-जल्दी अपने विकेट गवाएं. पर इस मुश्किल वक्त में शुभमन गिल टीम का सहारा बने.
शुभमन गिल की पारी ने गुजरात को 144/4 के स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने लखनऊ टीम के गेंदबाजों का सामना करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया. गिल शुरुआत से आखिर तक क्रीज पर टिके रहे. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 49 गेंदों में 7 चौके की मदद से नाबाद 63 रन बनाए. इस आईपीएल में यह शुभमन का चौथा अर्धशतक था. वह ऑरेंज कैप की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं.
शुभमन ने संभाला टीम को
गुजरात की तरफ से शुभमन और ऋद्धिमान साहा पारी की शुरूआत करने आए. पर मोहसिन खान ने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर साह को आउट किया. उस समस गुजरात टीम का स्कोर 8 रन था. इसके बाद आवेश खान ने मैथ्यू वेड (10) और कप्तान हार्दिक पांड्या (11) को आउट करके गुजरात पर दबाव बना दिया.
51 रन पर गुजरात ने तीन विकेट गंवा दिए और टीम पर दबाव बनने लगा. पर गिल ने डेविड मिलर (26) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. इसके बाद मिलर भी आउट हो गए. पर गिल फिर भई टिके रहे और राहुल तेवतिया (22*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की.
प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम
गुजरात की टीम 144 रन बनाने में कामयाब रही. इसके बाद गुजरात के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. गुजरात की तरफ से राशिद खान ने चार विकेट झटके, वहीं साई किशोर ने सात रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने लखनऊ की टीम को 82 के स्कोर पर ही समेट दिया. इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई और इसके साथ ही प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई है.
तेवतिया ने 16 गेंदों में चार चौके की मदद से नाबाद 22 रन बनाए. लखनऊ की ओर से आवेश खान ने दो विकेट लिए. जेसन होल्डर और मोहसिन खान को एक-एक विकेट मिला.