scorecardresearch

IPL 2026 Eliminator: करो या मरो मैच में हैदराबाद और राजस्थान में भिड़ंत आज, वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा पर रहेंगी निगाहें, जानें RR और SRH में किसका पलड़ा भारी 

SRH vs RR: आईपीएल 2026 में 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा. करो या मरो वाले इस मैच में पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद का सामना रियान पराग की टीम राजस्थान रॉयल्सस से है. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पर सभी की निगाहें रहेंगी. एलिमिनेटर मुकाबला हारने वाली टीम का आईपीएल का सफर यहीं पर खत्म हो जाएगा. आइए जानते हैं RR और SRH में किसका पलड़ा भारी है.

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR IPL 2026 Eliminator SRH vs RR

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है.  IPL 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जाएगा. मैच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा. यह मैच RR और SRH दोनों के लिए करो या मरो जैसा होगा क्योंकि एलिमिनेटर मुकाबला हारने वाली टीम का आईपीएल का सफर यहीं पर समाप्त हो जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से भिड़ेगी. आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई दिन रविवार को अहमदाबाद में खेला जाएगा. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पर सभी की निगाहें रहेंगी. ये दोनों बल्लेबाज अपनी-अपनी टीमों के लिए खूब रन बना चुके हैं. आइए जानते हैं RR और SRH में किसका पलड़ा भारी है.

किस टीम का पलड़ा है भारी
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स टीम अभी तक आईपीएल में 23 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं. इनमें से हैदराबाद ने 14 मैच जीते हैं जबकि राजस्थान टीम सिर्फ 9 मैच ही जीत सकी है.  आईपीएल में अभी तक दोनों टीमों के बीच कोई मैच टाई नहीं हुआ और न ही कोई मुकाबला बिना नतीजे के खत्म हुआ है. इस सीजन में SRH और RR के बीच ये तीसरी टक्कर होगी. पिछले दोनों मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की है. 13 अप्रैल 2026 को खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 रनों से जीत दर्ज की थी. 25 अप्रैल 2026 को खेले गए मैच में हैदराबाद ने राजस्थान को 5 विकेट से हराया था.

आपको मालूम हो कि हैदराबाद ने 14 मुकाबलों में 9 जीत के साथ 18 अंक अपने नाम किए और यह टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही. हैदराबाद के अंक शीर्ष-2 टीमों के बराबर थे, लेकिन कम नेट रन रेट के कारण इस टीम को एलिमिनेटर खेलना पड़ रहा है. उधर, अंक तालिका में 16 अंक के साथ राजस्थान की टीम चौथे स्थान पर है. अब एलिमिनेटर मुकाबले में पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद का सामना रियान पराग की टीम राजस्थान रॉयल्सस से है. आपको मालूम हो कि रिकॉर्ड के मुताबिक सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहने वाला है लेकिन राजस्थान रॉयल्स को भी हलके में नहीं लिया जा सकता है. वैभव सूर्यवंशी अकेले मैच का पासा पलट सकते हैं.

आईपीएल फाइनल में कब-कब पहुंची दोनों टीमें
SRH की नजर 3 साल में दूसरी बार आईपीएल फाइनल में पहुंचने पर होगी.  टीम 2016 के बाद अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेगी.  उधर, राजस्थान रॉयल्स आखिरी बार 2022 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन तब उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार मिली थी. आपको मालूम हो कि राजस्थान ने आईपीएल का पहला सीजन 2008 में जीता था और उसके बाद से टीम दोबारा आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमा नहीं सकी है. इस बार राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. राजस्थान को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने अबतक बैटिंग में टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है.  उधर, गेंदबाजी में जोर्फा आर्चर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में राजस्थान टीम एक बार फिर कप पर कब्जा जमा सकती है. सनराइजर्स हैदराबाद को हल्के में लेना सही नहीं होगा.  इस टीम के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा,  ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन लगातार रन बना रहे हैं.

राजस्‍थान रॉयल्‍स का रिकॉर्ड
राजस्‍थान रॉयल्‍स टीम पांच प्लेऑफ में खेल चुकी है.  राजस्थान ने प्लेऑफ में कुल 11 मैच खेले हैं, जिसमें 5 जीते और 6 हारे हैं. राजस्थान टीम 2008 में आईपीएल जीत चुकी है. राजस्थान ने दूसरा फाइनल 2022 में संजू सैमसन की कप्तानी में खेला था, लेकिन आरआर फाइनल में गुजरात टाइटन्स से 7 विकेट से हार गई थी. राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल के प्लेऑफ में भी टक्कर हो चुकी है. 2024 सीजन का दूसरा क्वालीफायर इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला गया था. उसमें सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिली थी. राजस्थान ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक ही एलिमिनेटर खेला है, जो कि 2013 में दिल्‍ली में खेला गया था. इस मैच में राजस्‍थान ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. आईपीएल के इतिहास में राजस्थान टीम अब तक चार एलिमिनेटर खेल चुकी है और 27 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पांचवें एलिमिनेटर में मैदान पर उतरेगी.

इस सीजन राजस्थान और हैदराबाद का कैसा है रिकॉर्ड
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की दमदार शुरुआत की थी. उसने अपने पहले चारों मैच जीते थे. फिर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसे हार मिली. 5वें से 12वें मैच के बीच टीम सिर्फ दो जीत हासिल कर पाई. हालांकि आखिरी दो मैच जीतकर उसने प्लेऑफ में जगह बना लिया.  उधर, सनराजर्स हैदराबाद को पहले चार मैचों में तीन हार मिली थी. फिर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ही लगातार 5 जीत का सिलसिला शुरू हुआ. तब से टीम ने 10 मैचों में 8 जीत हासिल की है.

इस प्रकार हैं दोनों टीमें
राजस्थान रॉयल्स टीम: रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, ब्रिजेश शर्मा, रविंद्र जडेजा, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, कुलदीप सेन, युद्धवीर सिंह चरक, क्वेना मफाका, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, इमानजोत सिंह चहल, विग्नेश पुथुर.

सनराइजर्स हैदराबाद टीम: पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, कामिंदु मेंडिस, जीशान अंसारी, गेराल्ड कोएत्जी, दिलशान मदुशंका, क्रेन्स फुलेट्रा, ओंकार तरमाले, आरएस अंबरीश, अमित कुमार.