IPL 2026 MI vs KKR
IPL 2026 MI vs KKR
MI vs KKR: रविवार को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया था, जिसे मुंबई ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया. टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, लेकिन केकेआर के बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके बावजूद मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप ने लक्ष्य को आसान बना दिया.
मुंबई की धमाकेदार बल्लेबाजी
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद शानदार रही. रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने पारी की शुरुआत करते हुए तेजी से रन बटोरे. दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही केकेआर के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और पांचवें ओवर तक टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया.
रोहित शर्मा ने खास तौर पर आक्रामक अंदाज अपनाया और मात्र 23 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली. पावरप्ले के बाद मुंबई का स्कोर 80 बिना किसी नुकसान के था. रोहित ने 38 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें कई चौके और छक्के शामिल थे. उनका विकेट 12वें ओवर में गिरा, तब टीम का स्कोर 148 रन था. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वे 16 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, रेयान रिकेल्टन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 81 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. अंत में मुंबई ने संयम बनाए रखा और 20वें ओवर की पहली गेंद पर ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
केकेआर की मजबूत शुरुआत लेकिन अंत में झटका
पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत भी शानदार रही. कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने तेजी से रन बनाए और पांचवें ओवर में ही टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. फिन एलन ने 17 गेंदों में 37 रन बनाए, लेकिन छठे ओवर में शार्दुल ठाकुर ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद कैमरून ग्रीन ने 18 रन बनाए, लेकिन वे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. दूसरी ओर, अजिंक्य रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने कुल 67 रन बनाए, लेकिन 14वें ओवर में उनका विकेट गिर गया.
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला और तेजी से रन जोड़े. रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली, जबकि रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए. इन पारियों की बदौलत केकेआर ने 20 ओवर में 221 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी के सामने यह स्कोर भी कम साबित हुआ.
ये भी पढ़ें: