Punjab Defeats Chennai In IPL 2026 (Source: PTI)
Punjab Defeats Chennai In IPL 2026 (Source: PTI)
पंजाब किंग्स ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की. एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए और पंजाब के सामने 210 रनों का लक्ष्य रखा.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. प्रियांश आर्या ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 11 गेंदों में 39 रन ठोक दिए और टीम को शानदार स्टार्ट दिलाया. उनके आउट होने के बाद भी पंजाब की गति धीमी नहीं पड़ी. प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंदों में 43 रन की अहम पारी खेली, जबकि कूपर कॉनॉली ने 22 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम को मजबूती दी.
मिडिल ऑर्डर में कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया. हालांकि नेहल ज्यादा देर टिक नहीं सके और 10 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक मैच पूरी तरह पंजाब के पक्ष में झुक चुका था. आखिरकार पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 210 रन बनाते हुए मुकाबला 8 गेंद शेष रहते अपने नाम कर लिया और एक शानदार जीत दर्ज की.
चेन्नई ने खड़ा किया 200 पार का स्कोर
चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और टीम को दूसरे ही ओवर में झटका लग गया. जेवियर बार्टलेट ने संजू सैमसन को मात्र 7 रन पर आउट कर पंजाब को पहली सफलता दिलाई. शुरुआती विकेट गिरने के बाद आयुष म्हात्रे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार 96 रनों की साझेदारी हुई, जिसने टीम को दबाव से बाहर निकाला.
लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी और 12वें ओवर में यजुवेंद्र चहल ने ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर इसे तोड़ दिया. गायकवाड़ ने 22 गेंदों में 28 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल रहे. इसके बाद अगले ओवर में विजयकुमार वैशक ने आयुष म्हात्रे को भी पवेलियन भेज दिया. म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और छह चौके शामिल थे.
मिडिल ऑर्डर में कार्तिक शर्मा सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन सरफराज खान ने आते ही तेज अंदाज में रन बनाए. उन्होंने महज 12 गेंदों में 32 रन ठोक दिए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा. हालांकि उनकी पारी भी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और वह विजयकुमार वैशक का शिकार बन गए.
आखिर में शिवम दुबे ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा. उनके साथ प्रशांत वीर 6 रन बनाकर नाबाद रहे. इस तरह चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
दोनों टीमों के प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जेनसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (विकेट कीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद.
आज (3 अप्रैल 2026) को चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2026 के सातवां मुकाबला में जबरदस्त भिडंत देखने को मिली. यह मैच भारतीय समय के अनुसार साढ़े सात बजे शुरू हुआ. यह मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया. दोनों टीमों के बीच जब टॉस हुआ तो इसमें जीत पंजाब किंग्स को मिली और उनके कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला लिया.