scorecardresearch

IPL 2026: 10 टीमें आईपीएल में भिड़ने को तैयार, जानें कब और किन टीमों के बीच होगा पहला मुकाबला?

Indian Premier League 2026: क्रिकेट फैंस IPL 2026 के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज होने में बस चंद दिन बचे हैं. आइए जानते हैं कब, कहां और किन टीमों के बीच होगा पहला मुकाबला? 

IPL 2026 IPL 2026
हाइलाइट्स
  • 28 मार्च से होगा आईपीएल 2026 का आगाज

  • पहला मैच RCB और SRH के बीच खेला जाएगा 

भारत ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लगातार दूसरी बार जीतकर इतिहास रच दिया है. अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज होने जा रहा है. क्रिकेट फैंस इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस टूर्नामेंट में 10 टीमें दुनिया के एक से बढ़कर एक क्रिकेटर्स के साथ क्रिकेट मैदान पर खिताब हासिल करने के लिए उतरेंगी. आइए जानते हैं कब, कहां और किन टीमों के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा? 

आईपीएल 2026 का कब से होगा आगाज 
आपको मालूम हो कि पहले आईपीएल 2026 को 26 मार्च से शुरू करने की घोषणा की गई थी लेकिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को देखते हुए मैच की तारीख में बदलाव कर दिया गया. आईपीएल 2026 का आयोजन दो फेज में होगा. कुछ मैच चुनाव शुरू होने से पहले होंगे, जबकि दूसरे चरण में बाकी मैच खेले जाएंगे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 को लेकर नया कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके मुताबिक आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा. बीसीसीआई ने शुरुआती 16 दिनों का कार्यक्रम जारी किया है. इस दौरान कुल 20 मैच खेले जाएंगे और ये मुकाबले 10 स्थानों पर होंगे. पहले फेज के सभी मैच 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 के बीच खेले जाएंगे.

कहां और किसके बीच खेला जाएगा पहला मैच 
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला 28  मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा. यह मैच 28 मार्च दिन शनिवार को शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.आरसीबी ने 2025 में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. आरसीबी का होम ग्राउंड बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम है. आरसीबी आगामी सीजन में पांच मैच बेंगलुरु और दो मुकाबले रायपुर में खेलेगी.

आईपीएल 2026 में ये टीमें ले रहीं भाग
आईपीएल 2026 में जो 10 टीमें भाग ले रहीं हैं, उनमें  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस (एमआई), गुजरात टाइटन्स (जीटी), दिल्ली कैपिटल्स (डीसी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) शामिल हैं.

सीएसके और एमआई सबसे सफल टीम
आपको मालूम हो कि इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की शुरुआत साल 2008 में हुई थी. यह दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे अमीर क्रिकेट लीग है. चेन्नई और मुंबई लीग की सबसे सफल टीमें हैं. दोनों टीमें पांच-बाच बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी हैं. सीएसके आईपीएल की विजेता साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में बनी थी. एमआई ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब अपने नाम किया था. केकेआर ने तीन बार साल 2012, 2014 और 2024 में ट्रॉफी हासिल कर चुकी है. 

आईपीएल 2026 के लिए बेंगलुरु और हैदराबाद की टीमें  
1. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओट्सवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, नुवान तुषारा, रसिख डार और स्वप्निल सिंह.

2. सनराइजर्स हैदराबाद टीम: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिच क्लासन, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, प्रफुल्ल हिंजे, क्रेंस फुलेतरा, अमित कुमार, जैक एडवर्ड्स, लियम लिविंगस्टन, अनिकेत वर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, रविचंद्रन स्मरण, कामिंडु मेंडिस, हर्ष दुबे, ब्रायडन कार्स, ओंकार तरमाले, साकिब हुसैन और शिवम मावी.