scorecardresearch

IND VS SA: पहले टेस्ट मैच में चोट के चलते मैदान से बाहर गए जसप्रीत बुमराह

जांच के बाद ही ये पता चल पाएगा कि जसप्रीत बुमराह की चोट कितनी गहरी है. टीम इंडिया उम्मीद कर रही है कि बुमराह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं.

जसप्रीत बुमराह चोटिल जसप्रीत बुमराह चोटिल
हाइलाइट्स
  • जसप्रीत बुमराह का 11वें ओवर की पांचवीं गेंद फेंकते हुए एंकल मुड़ गया.

  • भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे सेंचुरियन टेस्ट में चोटिल हुए जसप्रीत बुमराह.

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे सेंचुरियन टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया के लिए टेंशन बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. भारत के फास्ट बॉलर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को चोट लगने पर ग्राउंड छोड़ना पड़ा. दरअसल, बॉलिंग करते वक्त जसप्रीत बुमराह का टखना मुड़ गया था. बुमराह जब पारी का 11वां ओवर डाल रहे थे, तभी फॉलो-थ्रू के दौरान उनका एंकल मुड़ गया. 

जसप्रीत बुमराह का 11वें ओवर की पांचवीं गेंद फेंकते हुए एंकल मुड़ गया. बुमराह दर्द से कराहते हुए मैदान पर लेट गए. बुमराह को दर्द में देख भारतीय टीम के फीजियो तुरंत भागकर मैदान पर आए और उन्हें बाहर ले जाया गया. बुमराह अपने पैरों पर ही मैदान के बाहर गए लेकिन इसके बाद उनके दाएं पांव पर पट्टी की गई. भारत के लिए बुमराह जोरदार लय में गेंदबाजी कर रहे थे. ऐसे में उनका चोटिल होना भारतीय टीम के लिए चिंता की बात है.  

मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल स्कैन के बाद ही ये पता चल पाएगा कि जसप्रीत बुमराह की चोट कितनी गहरी है. टीम इंडिया उम्मीद कर रही है कि बुमराह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. अगर उनकी चोट ज्यादा गहरी हुई तो बुमराह न सिर्फ इस टेस्ट बल्कि पूरी सीरीज से बाहर हो सकते हैं. हालांकि आखिरी फैसला मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही किया जाएगा. जसप्रीत बुमराह के मैदान से बाहर जाने के बाद मोहम्मद सिराज ने उनके ओवर की आखिरी बॉल फेंकी. BCCI ने भी बुमराह की चोट को लेकर बयान दिया है. BCCI ने कहा कि हम बुमराह की चोट पर लगातार नजर रखे हुए हैं. उनकी जगह श्रेयस अय्यर फील्डिंग कर रहे हैं. 

मैच की बात करें तो भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट की पहली पारी में 327 का स्कोर बनाया है. तीसरे दिन भारत ने 272 रन पर 3 विकेट से शुरुआत की थी. पर भारत के अंतिम 7 विकेट महज 49 रनों पर गिर गए. भारत की तरफ से उप-कप्तान केएल राहुल ने 123 रनों की पारी खेली. वहीं साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी बेहद खराब रही, उनके पहले 4 विकेट महज 32 रन पर गिर गए.