scorecardresearch

Akshara gupta scores 306: वैभव सूर्यवंशी के बाद बिहार की अक्षरा का धमाका, 126 गेंदों में ठोक दिए 306 रन, 55 चौके और 8 छक्कों से विरोधी टीम को किया पस्त

बिहार क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के नाम की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब बिहार की एक और युवा खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. इस बार यह कारनामा महिला क्रिकेट में देखने को मिला है. महज 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. उनकी बल्लेबाजी देखकर क्रिकेट प्रेमी उन्हें बिहार क्रिकेट का नया उभरता सितारा बुला रहे हैं.

Akshara Gupta Akshara Gupta

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में आयोजित BCA महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में अक्षरा गुप्ता ने बल्ले से ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. उन्होंने 126 गेंदों में नाबाद 306 रन की पारी खेलकर विरोधी टीम के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया. अपनी इस शानदार पारी में अक्षरा ने 55 चौके और 8 छक्के लगाए. इस मुकाबले में अक्षरा का स्ट्राइक रेट 240 से ज्यादा  था, इसका अंदाजा इस बात से लगाइए कि इन उभरती युवा खिलाड़ी ने केवल 34 गेंदों में अपना पहला शतक पूरा कर लिया था. शुरुआत से ही उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और मैदान के हर कोने से रन बटोरे. उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और धैर्य दोनों का प्रदर्शन साफ दिखाई दिया. 

महिला घरेलू क्रिकेट में दर्ज कराया नाम
अक्षरा गुप्ता अब महिला घरेलू क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं. उनसे आगे केवल मुंबई की इरा गुप्ता हैं, जिन्होंने एक राज्य स्तरीय मुकाबले में नाबाद 346 रन बनाए थे. अब महिला घरेलू क्रिकेट के इतिहास में इरा गुप्ता के 346 और अक्षरा गुप्ता के 306 रन सबसे चर्चित व्यक्तिगत स्कोर बन चुके हैं. इतनी कम उम्र में इस मुकाम तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

वैभव सूर्यवंशी की तरह बाएं हाथ की बल्लेबाज
अक्षरा गुप्ता की बल्लेबाजी शैली भी लोगों का ध्यान खींच रही है. वह बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तरह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं. उनकी तकनीक और शॉट चयन को देखकर क्रिकेट विशेषज्ञ भी प्रभावित नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी अक्षरा लगातार सक्रिय रहती हैं. इंस्टाग्राम पर उन्होंने नेट्स में अभ्यास करते हुए कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें उनकी मेहनत और समर्पण साफ दिखाई देता है.

भविष्य पर टिकी सबकी नजर
306 रनों की इस यादगार पारी के बाद अब क्रिकेट जगत की नजरें अक्षरा गुप्ता पर टिक गई हैं. जिस उम्र में अधिकांश खिलाड़ी खुद को साबित करने की कोशिश करते हैं, उस उम्र में अक्षरा ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा दिया है. अगर उनका यही प्रदर्शन जारी रहा, तो आने वाले वर्षों में वह भारतीय महिला क्रिकेट की बड़ी पहचान बन सकती हैं.
 

ये भी पढ़ें