scorecardresearch

T20 WC 2026: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत से मैच नहीं खेलने पर पाकिस्तान को होगा बड़ा नुकसान, टीम इंडिया को मिलेगा अंक, पाक को भरना पड़ सकता है जुर्माना

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने खेलने की हामी भर दी है लेकिन भारत के साथ खेले जाने वाले मुकाबलों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. पाकिस्तान सरकार ने 'एक्स' पर लिखा है, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी. आइए जानते हैं इससे पाकिस्तान को कितना बड़ा नुकसान होगा और भारत को क्या फायदा मिलेगा. हम यह भी बताएंगे कि आखिर पाकिस्तान ने भारत से मैच नहीं खेलने का फैसला क्यों किया है?

Pakistan to boycott T20 World Cup group match against India (Photo: ESPNcricinfo) Pakistan to boycott T20 World Cup group match against India (Photo: ESPNcricinfo)

टी-20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) से पहले पाकिस्तान (Pakistan) का ड्रामा जारी है. पाकिस्तान ने  टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की हामी भर दी है लेकिन भारत के साथ खेले जाने वाले मुकाबलों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. पाकिस्तान सरकार ने 'एक्स' पर लिखा है, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी. हालांकि, अब तक यह तय नहीं है अगर नॉकआउट में भारत सामने आया तो पाकिस्तान मैच खेलेगा या नहीं?

पाकिस्तान सरकार ने रविवार को एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट में पुष्टि की कि सलमान आगा की कप्तानी में राष्ट्रीय टीम को आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दे दी गई है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि ‘मेन इन ग्रीन’ 15 फरवरी को डिफेंडिंग चैंपियन भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मैच में नहीं खेलेगी, भले ही यह मुकाबला कोलंबो में तय है. सूत्रों के मुताबिक,  इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को अब तक इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है. आईसीसी की ओर से किसी भी तरह की कार्रवाई या प्रतिबंध पर फैसला तभी लिया जाएगा, जब पीसीबी आधिकारिक तौर पर आईसीसी को सूचित करेगा. माना जा रहा है कि इस मामले पर अब आईसीसी को आगे का फैसला लेना होगा, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच टूर्नामेंट के शेड्यूल और ग्रुप समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है, फिलहाल इस पूरे मामले पर आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

पाकिस्तान ने क्यों भारत संग मैच खेलने से किया मना
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट फैसला आईसीसी के बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाने के बाद लिया है. दरअसल, बांग्लादेश सरकार ने भारत में मैच खेलने को लेकर सुरक्षा चिंता जताई थी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में आकर ना खेलने और उनके मैच को बाहर शिफ्ट करने की मांग की थी. सुरक्षा का हवाला देकर आईसीसी से बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी थी. आईसीसी ने उनकी मांग ठुकराई और टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल कर लिया. पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया था और टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की धमकी दी थी. आईसीसी ने इसको लेकर जब भाव नहीं दिया तो पाकिस्तान सरकार ने भारत के मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया है. 

पाकिस्तान को होगा भारी नुकसान 
टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नीदरलैंड्स, नामीबिया और अमेरिका के साथ शामिल है. पाकिस्तान को अपना पहला मैच 7 फरवरी 2026 को टी20 विश्व कप के उद्घाटन दिन नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलना है. इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका से और 18 फरवरी को नामीबिया से मैच खेलना है. भारत से मैच नहीं खेलने पर पाकिस्तान दो अंक गंवाने पड़ेंगे. इस मैच के दो प्वाइंट्स भारत को मिल जाएंगे. इससे टीम इंडिया को सुपर-8 में पहुंचने की राह काफी आसान हो जाएगी. इतना ही नहीं आईसीसी की प्लेइंग कंडीशन के अनुसार भारत से मैच का बॉयकॉट करने से पाकिस्तान का रन रेट भी खराब होगा, तो उधर भारत का रन रेट बेहतर हो जाएगा. 16.10.7 क्लॉज में बताया गया है कि पाकिस्तान के 20 ओवर में 0 रन होंगे, जबकि भारत का एक भी ओवर काउंट नहीं होगा. इससे पाकिस्तान का रन रेट निगेटिव में भी जा सकता है.

...तो देना पड़ सकता है भारी जुर्माना 
 भारत-पाकिस्तान के बीच चाहे कोई भी मैच हो क्रिकेट प्रेमी देखने के लिए टूट पड़ते हैं. विश्वकप की तो बात ही कुछ और है. बाकी बोर्ड की तरह पीसीबी ने भी आईसीसी के इवेंट्स के लिए मेंबर पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं. यह एक कानूनी दस्तावेज है और इसका उल्लंघन करने पर आईसीसी द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. भारत से मैच नहीं खेलने पर मेजबान ब्रॉडकास्टर पीसीबी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है और भारी मुआवजे की मांग कर सकता है. RevSportz की रिपोर्ट के अनुसार करीब 38 मिलियन डॉलर (3,48,00,09,600 भारतीय रुपए) की कमाई सीधे उस मैच पर निर्भर करती है. इसमें विज्ञापन स्लॉट, ब्रांडेड प्रोग्रामिंग और स्पॉन्सरशिप शामिल हैं. अब पीसीबी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने पर गंभीर कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा. पाकिस्तान पर 38 मिलियन डॉलर का जुर्माना ठोका जा सकता है.

विश्व कप में भारत से मैच नहीं खलने पर आईसीसी पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकता है. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के लिए विदेशी खिलाड़ियों को NOC नहीं दिया जा सकता है. पीएसएल की आधिकारिक मान्यता रद्द की जा सकती है. आईसीसी से पाकिस्तान को मिलने वाली राजस्व राशि रोकी जा सकती है. एशिया कप से पाकिस्तान को बाहर किया जा सकता है. इतना ही नहीं पाकिस्तान पर किसी भी देश के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने पर बैन लगाया जा सकता है.

भारत ने वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की खूब की है कुटाई 
आपको मालूम हो कि वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान की खूब कुटाई की है. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं. भारत ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि पाक को सिर्फ 1 मैच में जीत मिली है. वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 मैच खेले गए हैं. भारत ने सभी मैचों में पाकिस्तान को मात दी है.