Vaibhav Suryavanshi
Vaibhav Suryavanshi
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में मैच जिताने की क्षमता से क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा रखा है. वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 क्रिकेट से लेकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) तक में चौके और छक्कों की बारिश कर चुके हैं. वैभव जिस भी टीम के लिए खेलते हैं उसे तूफानी शुरुआत दिलाते हैं. वह अभी तक क्रिकेट में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर चुके हैं. इसके बावजूद वैभव सूर्यवंशी की सीनियर टीम इंडिया में जगह नहीं मिल पा रही थी. इससे वैभव के फैंस काफी निराश थे लेकिन अब फैंस को खुशखबरी मिलने वाली है. दरअसल, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के एक नियम की वजह से सूर्यवंशी को सीनियर टीम में जगह नहीं मिल पा रही थी. 27 मार्च 2026 को वैभव सूर्यवंशी 15 साल के हो जाएंगे. इसके साथ ही नियम की यह दीवार टूट जाएगी. इसके बाद BCCI वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह दे सकती है.
उम्र का यह नियम आ रहा था आड़े
वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में हुआ था. वह 27 मार्च 2026 को 15 साल के हो जाएंगे. इसके बाद वह ICC के नियम के तहत भारतीय सीनियर टीम की तरफ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलने के योग्य हो जाएंगे. आपको मालूम हो कि साल 2020 से पहले सीनियर लेवल पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने को लेकर उम्र का कोई नियम नहीं था लेकिन नवंबर 2020 में ICC ने ऐसा नियम लागू किया कि अंतराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट, ODI या T20I) में डेब्यू करने के लिए किसी खिलाड़ी की उम्र कम से कम 15 साल होनी चाहिए. यही नियम वैभव सूर्यवंशी को भारतीय पुरुष सीनियर क्रिकेट टीम में आने में बाधा बन रहा था.
आपको मालूम हो कि आईसीसी ने न्यूनतम उम्र को लेकर यह नियम खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यह सुनिश्चित करने के लिए बनाई है कि वे मानसिक और शारीरिक रूप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हों. आपको मालूम हो कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र की आयु में डेब्यू करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाड़ी हसन रजा के नाम है. हसन रजा ने अक्टूबर 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ 14 साल 227 दिन की उम्र में टेस्ट और 14 साल 233 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में पदार्पण (Debut) किया था. भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 16 वर्ष और 205 दिन की आयु में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था.
12 साल 284 दिन की उम्र में रणजी में किया था डेब्यू
क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचाने वाले लेफ्ट-हैंडर बैटर वैभव सूर्यवंशी ने 12 साल 284 दिन की उम्र में रणजी में डेब्यू किया था. अलीमुद्दीन सबसे कम उम्र में फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं. उन्होंने 12 साल और 73 दिन में डेब्यू किया था.
35 गेंदों में शतक जड़कर मचा दी थी सनसनी
वैभव सूर्यवंशी का IPL डेब्यू काफी धमाकेदार था. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया था. पहली ही गेंद पर छक्का लगाया था. उन्होंने 20 गेंदों में 34 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स टीम की तरफ से खेलते हुए 35 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी. वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाया था. वैभव ने इस टूर्नामेंट के 7 मुकाबलों में 206 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे. वैभव इस लीग में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे. आईपीएल 2026 में भी वैभव के प्रदर्शन पर हर किसी की नजर रहेगी. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भी शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली थी 175 रन की पारी
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच में 80 गेंदों पर 175 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर अंग्रेज गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए थे. वैभव ने इस पारी में 15 छक्के और 15 चौके लगाए थे. वैभव की पारी की बदौलत भारत ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 411 रन बनाए थे और 100 रनों से खिताबी मुकाबले में जीत दर्ज की थी. अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव 439 रन 169+ के स्ट्राइक रेट से बनाए थे. इसके बाद से बिहार के इस लाल को भारतीय सीनियर टीम में शामिल करने की चर्चा तेज हो गई थी. वैभव सूर्यवंशी का टी-20 क्रिकेट में स्ट्राइक रेट 204.37 का है, वहीं लिस्ट-A करियर में भी उन्होंने करीब 165 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट में धमाल मचा चुके हैं. वह ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 58 गेंदों में शतक लगा चुके हैं. वैभव ने बिहार के रणधीर वर्मा टूर्नामेंट में नाबाद 332 रन बनाए थे.
IPL 2026 के लिए मिले हैं इतने रुपए
वैभव सूर्यवंशी की 2026 सीजन के लिए IPL सैलरी 1.10 करोड़ रुपए है. IPL 2025 के मेगा-ऑक्शन में 13 साल की उम्र में ऐतिहासिक रूप से साइन किए जाने के बाद, राजस्थान रॉयल्स (RR) ने उन्हें उनकी मूल नीलामी कीमत पर ही रिटेन किया. बता दें कि 2025 के मेगा-ऑक्शन में वैभव को राजस्थान ने ₹30 लाख की बेस प्राइस से ₹1.10 करोड़ में खरीदा था.