भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली.
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली.
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर से रन मशीन के अवतार में आ रहे हैं. हाल ही में एशिया कप में शतक लगाया और फिर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टॉप स्कोरर रहे. इसके बाद अब वनडे में भी विराट ने लगभग तीन साल के बाद अपना शतक लगा दिया. यह इस फॉर्मेट में उनका 44वां और इंटरनेशनल क्रिकेट में 72वां शतक था. इसी के साथ विराट सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग से आगे निकल गए. विराट ने 482 अंतरराष्ट्रीय मैच में 72 शतक लगाए हैं. पोंटिंग ने 560 मैचों में 71 शतक लगाए थे. कोहली से आगे अब सिर्फ भारत के पूर्व दिग्गज सचिन तेंदुलकर हैं. उन्होंने 664 मैच में 100 शतक बनाए थे.
विराट ने 91 गेंद की पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए
विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में शानदार शतक लगाया. उन्होंने गत 10 दिसंबर को चटगांव में 113 रनों की पारी खेली. विराट ने 91 गेंद की पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए. कोहली के वनडे करियर का यह 44वां शतक था. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 72 शतक पूरे हो गए.
वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था पिछला शतक
विराट कोहली ने लगभग तीन साल बाद वनडे में शतक लगाया है. उन्होंने पिछला वनडे शतक 14 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था. तब कोहली ने नाबाद 114 रन बनाए थे. उसके बाद वह 25 पारियों में एक भी सैकड़ा नहीं लगा पाए.
बांग्लादेश के खिलाफ कोहली का चौथा शतक
विराट का बांग्लादेश के खिलाफ यह चौथा शतक था. उन्होंने 2010 में मीरपुर में नाबाद 102 और 2011 में मीरपुर में ही नाबाद 100 रन बनाए थे. उन्होंने 2014 में फातुल्ला में 144 रन की पारी खेली थी.
ईशान किशन के साथ की 290 रनों की साझेदारी
शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए वनडे मैच में शिखर धवन पांचवें ओवर में तीन रन बनाकर आउट हो गए थे. उनके बाद विराट कोहली और ईशान किशन ने पारी को संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 290 रनों की साझेदारी की. किशन 131 गेंद पर 210 रन बनाकर आउट हुए.