Pragyan Ojha
Pragyan Ojha
टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर के तौर पर अजीत अगरकर का काम खत्म हो गया है. अब उनकी जगह प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का अंतरिम प्रमुख बनाया गया है. माना जा रहा है कि टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा अजीत अगरकर की जगह टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर हो सकते हैं. 29 सितंबर को गुवाहाटी में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और चारों चयनकर्ताओं के बीच अहम बैठक हुई. इस बैठक में प्रज्ञान ओझा भी शामिल थे. लेकिन अजीत अगरकर मौजूद नहीं थे.
प्रज्ञान ओझा का क्रिकेट करियर-
प्रज्ञान ओझा टीम इंडिया में गेंदबाजी की बागडोर संभालते थे. वो बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते रहे हैं. ओझा ने टीम इंडिया के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं. जबकि 18 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. प्रज्ञान ओझा ने टेस्ट मैच में 113 विकेट हासिल किए हैं. जबकि वनडे में 21 खिलाड़ियों को आउट किया है. टी20 क्रिकेट करियर में उन्होंने 10 विकेट हासिल किए हैं. ओझा आईपीएल में भी क्रिकेट खेल चुके हैं.
आखिरी टेस्ट में बने थे मैन ऑफ द मैच-
प्रज्ञान ओझा ने आखिरी टेस्ट मैच साल 2013 में मुंबई में खेला था. ये मुकाबला 14 से 18 नवंबर तक वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था. ये टेस्ट मैच सचिन तेंदुलकर का भी आखिरी टेस्ट मैच था. टीम इंडिया ने इस टेस्ट मैच में 126 रनों से जीत दर्ज की थी. इसकी दोनों पारियों में प्रज्ञान ओझा ने 5-5 विकेट हासिल किए थे. उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. हालांकि इसके बाद उनको टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
27 साल की उम्र में करियर खत्म-
सिर्फ 27 साल की उम्र में प्रज्ञान ओझा का किकेट करियर खत्म हो गया. जबकि उनको आखिरी टेस्ट मैच में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था. लेकिन इसके बाद उनको कभी टीम इंडिया की कैप पहनने का मौका नहीं मिला.
IPL में भी बेहतरीन प्रदर्शन-
प्रज्ञान ओझा ने आईपीएल में साल 2008 से साल 2015 के बीच 93 मैच खेले. इसमें उन्होंने 89 विकेट हासिल किए. 21 फरवरी 2020 को ओझा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया.
अब ओझा को चयन समिति का अंतरिम प्रमुख बनाया गया है. माना जा रहा है कि जल्द ही उनको टीम इंडिया का चीफ सेलेक्टर बना दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: